हाथिनी मणिकी का नया जीवन: वंतारा में विशेष उपचार शुरू

6/24/20261 min read

जामनगर: 48 वर्षीय हथिनी ‘मणिकी’ को मिला नया जीवन, असम से वंतारा पहुंची, शुरू होगा विशेष उपचार

असम की 48 वर्षीय हथिनी ‘मणिकी’, जो लंबे समय से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थी, अब गुजरात के जामनगर स्थित वंतारा पहुंच चुकी है। वर्षों से दर्द और शारीरिक परेशानियों का सामना कर रही मणिकी के लिए यह नई शुरुआत मानी जा रही है। विशेषज्ञों को उम्मीद है कि यहां उसे बेहतर इलाज और देखभाल मिल सकेगी।

मणिकी की स्थिति उस समय राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गई थी, जब उसका एक वीडियो सामने आया था। वीडियो में वह लंगड़ाते हुए चलती दिखाई दी थी, जिसके बाद पशु प्रेमियों और सामाजिक संगठनों ने उसके बेहतर उपचार की मांग उठाई थी। बताया जाता है कि उसके आगे के बाएं पैर में पुरानी विकृति है, जिससे उसे चलने-फिरने में काफी परेशानी होती थी। इसके अलावा संक्रमण, डिहाइड्रेशन और आंखों की समस्या ने भी उसकी हालत को और गंभीर बना दिया था।

मणिकी की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए उसके मालिक ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित वन्यजीव बचाव एवं देखभाल समिति से उसे वंतारा भेजने की अनुमति मांगी थी। समिति के साथ असम और गुजरात सरकार की मंजूरी मिलने के बाद उसे विशेष सुरक्षा के साथ जामनगर लाया गया।

वंतारा के विशेषज्ञों ने मणिकी के लिए दीर्घकालिक उपचार योजना तैयार की है। इस योजना में दर्द नियंत्रण, हाइड्रोथेरेपी, एक्यूपंक्चर, घावों का उपचार और विशेष पोषणयुक्त आहार शामिल है। उसके लिए ऐसा वातावरण तैयार किया गया है जिससे घायल पैर पर दबाव कम पड़े और उसे आराम मिल सके।

वंतारा के अनुसार, मणिकी की कहानी इस बात का उदाहरण है कि जब समाज, पशु कल्याण संस्थाएं और प्रशासन मिलकर कार्य करते हैं, तो जरूरतमंद जानवरों को नया जीवन दिया जा सकता है।

गौरतलब है कि वंतारा की स्थापना रिलायंस इंडस्ट्रीज के कार्यकारी निदेशक अनंत अंबानी द्वारा की गई है। जामनगर स्थित यह केंद्र पशु बचाव, उपचार, पुनर्वास और दीर्घकालिक देखभाल के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराता है। यहां दुनिया की सबसे बड़ी हाथी अस्पतालों में से एक भी मौजूद है, जहां विशेषज्ञों की टीम लगातार वन्यजीवों की सेवा में जुटी रहती है।

Contact

Reach us anytime for news tips or support.

Email

Phone

Media@capitalnewsindia.com

+91-9557355055

© 2025. All rights reserved.