‘अगर भारत पीछे नहीं हटेगा तो…’, पाकिस्तानी PM शहबाज शरीफ ने दी युद्ध की धमकी

Pakistani PM News: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भारत के खिलाफ एक बार फिर आक्रामक बयान दिया है। इस्लामाबाद में आयोजित ‘यादगार-ए-फतह’ कार्यक्रम के दौरान शरीफ ने सिंधु जल संधि (Indus Waters Treaty) को लेकर भारत को सीधे चेतावनी दी।

उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान के पानी की एक-एक बूंद उसकी ‘रेड लाइन’ है और यदि भारत अपने रुख से पीछे नहीं हटता है तो पाकिस्तान इसका जवाब देगा।

गौरतलब है कि अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने सिंधु जल संधि को स्थगित कर दिया था। इसके बाद मई 2025 में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था।

‘मई 2025 से भी ज्यादा ताकत से देंगे जवाब’

शहबाज शरीफ ने मई 2025 के सैन्य संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि पाकिस्तान शांति, सम्मान और गरिमा के साथ खड़ा है, लेकिन इसे उसकी कमजोरी नहीं समझा जाना चाहिए।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में कोई पाकिस्तान की संप्रभुता और सुरक्षा को चुनौती देगा, तो उसे मई 2025 से भी ज्यादा ताकत से जवाब दिया जाएगा।

हालांकि, मई 2025 के संघर्ष के बाद दोनों देशों के बीच युद्धविराम हुआ था।

युद्धविराम के लिए ट्रंप को दिया धन्यवाद

अपने संबोधन में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच समय पर युद्धविराम कराने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई, जिससे लाखों लोगों की जान बची।

हालांकि, भारत लगातार भारत-पाकिस्तान युद्धविराम में किसी तीसरे देश की मध्यस्थता के दावे को खारिज करता रहा है।

चीन, तुर्किये और सऊदी अरब का भी किया जिक्र

शहबाज शरीफ ने चीन को पाकिस्तान का ऐसा मित्र बताया जो हर मुश्किल समय में हिमालय की तरह मजबूती से उसके साथ खड़ा रहा है।

इसके अलावा उन्होंने सऊदी अरब के साथ हुए रक्षा समझौते और उसमें तुर्किये की भूमिका का भी उल्लेख किया।

एक तरफ शांति की बात और दूसरी तरफ भारत के खिलाफ कड़ी चेतावनी—शहबाज शरीफ के इस बयान से दोनों देशों के बीच तनाव के बावजूद पाकिस्तान की ओर से जारी राजनीतिक बयानबाजी एक बार फिर चर्चा में आ गई है।