
Monsoon in Gujarat: गुजरात में पिछले कुछ दिनों से जारी बारिश का दौर अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगा है। गांधीनगर स्थित स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (SEOC) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य के 109 तालुकों में वर्षा दर्ज की गई। हालांकि, अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हुई और 100 तालुकों में एक इंच से भी कम वर्षा रिकॉर्ड की गई।
दक्षिण गुजरात में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों में वलसाड जिला सबसे अधिक बारिश वाला जिला रहा। यहां कपराडा में 2.52 इंच, नानापोढ़ा में 2.13 इंच और धरमपुर में 1.65 इंच बारिश दर्ज की गई।
इसके अलावा:
- खंभात – 1.42 इंच
- डांग – 1.42 इंच
- भरूच – 1.26 इंच
- पादरा – 1.06 इंच
- वापी – 1.06 इंच
- खेरगाम – 1.02 इंच
वहीं, राज्य के अन्य 100 तालुकों में एक इंच से कम बारिश दर्ज की गई।
9 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना
मौसम विभाग के निदेशक डॉ. ए. के. दास के अनुसार, 3 अगस्त से 9 अगस्त के दौरान गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि उत्तर और दक्षिण गुजरात के तटीय इलाकों में दक्षिण-पश्चिम से पश्चिम दिशा की तेज हवाएं चल सकती हैं। स्टिप प्रेशर ग्रेडिएंट के कारण हवा की रफ्तार 15 से 20 नॉट रहने तथा झोंकों के साथ 25 नॉट तक पहुंचने की संभावना है। समुद्र की स्थिति मध्यम से उग्र (Moderate to Rough) रहने की चेतावनी जारी की गई है।
हालांकि, राहत की बात यह है कि पहले जारी किया गया ‘Port Warning LC3’ अब वापस ले लिया गया है।



