
Gujarat MLA Luxury Flats: गुजरात में विधायकों के लिए बनाए गए लग्जरी फ्लैट एक बार फिर चर्चा में हैं। आरोप है कि इन फ्लैट्स में नई सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकारी खजाने से करीब ढाई करोड़ रुपये खर्च किए जाने की तैयारी है। इनमें खिड़कियों और बालकनी में जाली लगाने के साथ-साथ विशेष पर्दे लगाने का काम भी शामिल बताया जा रहा है।
करोड़ों के फ्लैट में अब नई सुविधाओं की मांग
सूत्रों के अनुसार, इन लग्जरी फ्लैट्स की बालकनी और खिड़कियों से कबूतर अंदर न आएं, इसके लिए सामान्य जाली की जगह महंगी ‘इनविजिबल ग्रिल’ लगाने की योजना है।
इसके अलावा कमरों और रसोई में गर्मी को रोकने तथा आग से सुरक्षा के लिए ‘मैनुअल रोलर ब्लाइंड ब्लैकआउट कर्टन’ लगाए जाने की बात सामने आई है।
शू रैक से लेकर नए डोर हैंडल तक सुविधाएं
बताया जा रहा है कि इन सुविधाओं के अलावा विधायकों के फ्लैट्स में आधुनिक शू रैक, फैंसी मिरर, लेटर बॉक्स और नए लग्जरी डोर लॉक हैंडल जैसी कई अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
इन सुविधाओं को लेकर सरकारी खर्च पर सवाल उठ रहे हैं। आलोचकों का कहना है कि आम नागरिक जहां अपने घर की बुनियादी सुविधाओं के लिए भी आर्थिक दबाव झेलता है, वहीं जनप्रतिनिधियों के लिए सरकारी खर्च से लगातार नई सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
सरकारी खजाने से खर्च पर उठे सवाल
विधायकों को करोड़ों रुपये की लागत वाले फ्लैट उपलब्ध कराने के बाद अब अतिरिक्त सुविधाओं पर होने वाले इस खर्च ने सरकारी धन के इस्तेमाल को लेकर बहस छेड़ दी है।
कई सवाल यह भी उठ रहे हैं कि इन फ्लैट्स में रहने की शुरुआत के साथ ही नई सुविधाओं की मांगों का सिलसिला शुरू हो गया है, तो आने वाले समय में सरकारी खजाने पर और कितना खर्च होगा।
हालांकि, ढाई करोड़ रुपये के खर्च और प्रस्तावित सुविधाओं से जुड़े आधिकारिक दस्तावेजों की पुष्टि संबंधित सरकारी रिकॉर्ड से किया जाना आवश्यक है।



