
Politics News: तमिलनाडु की राजनीति में एक बार फिर बड़े राजनीतिक बदलाव की चर्चा तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री और विधायक ओ. पन्नीरसेल्वम (OPS) तथा उनके पुत्र ओ.पी. रवींद्रनाथ के सत्तारूढ़ DMK से नाराज होने की खबरें सामने आ रही हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, दोनों नेता अब अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) में शामिल होने पर विचार कर रहे हैं।
DMK में जिम्मेदारी नहीं मिलने से नाराजगी की चर्चा
रिपोर्टों के अनुसार, DMK में शामिल हुए लगभग छह महीने बीत जाने के बावजूद ओ. पन्नीरसेल्वम और उनके पुत्र को पार्टी में कोई महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारी नहीं मिली है।
यह भी कहा जा रहा है कि थेनी क्षेत्र में उनकी राजनीतिक भूमिका सीमित रही है, जहां DMK सांसद थंगा तमिल सेल्वन का प्रभाव अधिक माना जाता है।
TVK में शामिल होने की अटकलें
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि लगातार उपेक्षा महसूस किए जाने के बाद ओ. पन्नीरसेल्वम और उनके पुत्र DMK छोड़कर विजय की TVK में शामिल हो सकते हैं।
हालांकि, इस संबंध में OPS, DMK या TVK की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
AIADMK के कई नेता भी TVK में पहुंचे
हाल के दिनों में AIADMK के कई पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेताओं ने भी विजय की पार्टी TVK का दामन थामा है।
रिपोर्टों के अनुसार, पूर्व मंत्री उडुमलाई के. राधाकृष्णन, एम.सी. संपत, कडम्बूर सी. राजू और एन.आर. शिवपति सहित कई नेताओं ने हाल ही में TVK की सदस्यता ग्रहण की है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनावों से पहले तमिलनाडु की राजनीति में दल-बदल का दौर और तेज हो सकता है।
