मिस्र में सुबह भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 5.4 तीव्रता दर्ज; लोगों में दहशत

Egypt Earthquake: मिस्र (Egypt) के कई इलाकों में सोमवार तड़के भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। भूमध्य सागर (Mediterranean Sea) क्षेत्र में आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.4 दर्ज की गई। जर्मनी के जियोसाइंसेज रिसर्च सेंटर (GFZ) के अनुसार, भूकंप का केंद्र समुद्र के भीतर लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। झटकों के बाद लोगों में दहशत फैल गई और कई लोग एहतियातन घरों से बाहर निकल आए।

सुरक्षा एजेंसियां और रेड क्रिसेंट अलर्ट पर

भूकंप के तुरंत बाद इजिप्शियन रेड क्रिसेंट (Egyptian Red Crescent) ने प्रभावित क्षेत्रों में अपनी आपातकालीन प्रतिक्रिया योजना सक्रिय कर दी। संस्था के मुताबिक शुरुआती रिपोर्ट में किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है, हालांकि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

नागरिकों से सतर्क रहने की अपील

रेड क्रिसेंट ने लोगों से अपील की है कि जिन इमारतों में दरारें या नुकसान के संकेत दिखाई दें, उनसे दूर रहें। साथ ही केवल सरकारी एजेंसियों और आधिकारिक स्रोतों से जारी जानकारी पर ही भरोसा करें। प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव दलों को स्टैंडबाय पर रखा गया है।

भूकंप के केंद्र को लेकर नई जानकारी

मिस्र के अधिकारियों ने बाद में बताया कि भूकंप का केंद्र स्वेज (Suez) शहर से लगभग 38 किलोमीटर दूर भूमध्य सागर में स्थित था। प्रशासन ने कहा कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर लगातार निगरानी की जा रही है।