
नई दिल्ली/सूरत: देश के सबसे बड़े हीरा उद्योग केंद्र सूरत के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। केंद्र सरकार ने स्पेशल नोटिफाइड ज़ोन (SNZ) में होने वाले रफ डायमंड ट्रेड को टैक्स से राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इस प्रस्ताव को लोकसभा में पेश किए जाने के बाद हीरा उद्योग से जुड़े कारोबारियों में उत्साह का माहौल है।
यदि यह प्रस्ताव लागू होता है तो SNZ में होने वाले रफ डायमंड ट्रेड पर टैक्स छूट मिलेगी, जिससे सूरत के हीरा उद्योग को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनने में मदद मिलेगी। उद्योग जगत का मानना है कि इससे विदेशी कारोबारियों का भरोसा बढ़ेगा और भारत, विशेष रूप से सूरत, अंतरराष्ट्रीय डायमंड ट्रेड का प्रमुख केंद्र बनकर उभर सकता है।
हीरा कारोबार से जुड़े विशेषज्ञों का कहना है कि टैक्स राहत मिलने से व्यापार की लागत कम होगी, कारोबार में तेजी आएगी और निर्यात को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा। इससे रोजगार के नए अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है।
उद्योगपति दिनेशभाई नावड़िया ने केंद्र सरकार के इस कदम का स्वागत करते हुए इसे हीरा उद्योग के लिए ऐतिहासिक निर्णय बताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से उद्योग इस तरह की टैक्स राहत की मांग कर रहा था और यदि यह व्यवस्था लागू होती है तो सूरत के डायमंड सेक्टर को बड़ा लाभ मिलेगा।
व्यापारिक संगठनों का भी मानना है कि केंद्र सरकार का यह निर्णय भारतीय हीरा उद्योग को वैश्विक बाजार में नई पहचान दिलाने के साथ-साथ सूरत के आर्थिक विकास को भी गति देगा। अब उद्योग जगत की नजर इस प्रस्ताव के अंतिम अनुमोदन और उसके क्रियान्वयन पर टिकी हुई है।



