
Gujarat News: गुजरात के वडोदरा जिले की मंजलपुर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के मतदान के दौरान पंचशील विद्यालय स्थित मतदान केंद्र के बाहर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस, धक्का-मुक्की और मारपीट की स्थिति बन गई। घटना के बाद मौके पर पुलिस और सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए।
ढोल-नगाड़ों और पार्टी के गमछे को लेकर विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मतदान केंद्र के पास भाजपा कार्यकर्ता पार्टी के गमछे (खेस) पहनकर और ढोल-नगाड़ों के साथ मौजूद थे। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि यह आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है और इससे मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही थी।
इसी मुद्दे को लेकर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद शुरू हुआ, जो बाद में हाथापाई तक पहुंच गया।
भाजपा का आरोप- बूथ कैप्चरिंग की कोशिश
घटना के बाद भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कानून अपने हाथ में लिया और मतदान केंद्र पर बूथ कैप्चरिंग का प्रयास किया।
हालांकि, भाजपा के इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
कांग्रेस ने आरोपों को किया खारिज
कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता मतदान केंद्र के बेहद करीब चुनाव प्रचार कर रहे थे, जो चुनाव नियमों का उल्लंघन है। कांग्रेस का कहना है कि उनके कार्यकर्ताओं ने केवल इसका विरोध किया था।
मौके पर पहुंची पुलिस, स्थिति नियंत्रण में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों ने मतदान केंद्र के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी है। घटना की जांच की जा रही है।
