वडोदरा मगरमच्छ हमले का मामला: 24 घंटे बाद विश्वामित्री नदी से 12 वर्षीय किशोरी का शव बरामद

Vadodara News: गुजरात के वडोदरा जिले के पादरा तालुका स्थित मेढ़ाद गांव में मगरमच्छ के हमले का दर्दनाक मामला सामने आया है। विश्वामित्री नदी में बाढ़ का पानी देखने गई 12 वर्षीय किशोरी पर मगरमच्छ ने हमला कर उसे पानी में खींच लिया था। फायर ब्रिगेड और SDRF की टीमों द्वारा चलाए गए व्यापक सर्च ऑपरेशन के बाद सोमवार सुबह किशोरी का शव बरामद कर लिया गया।

क्या है पूरा मामला?

मेढ़ाद गांव की रहने वाली और कक्षा 6 में पढ़ने वाली हेतल राठोड़िया अपने दादा, भाई और बहन के साथ गांव के पास बह रही विश्वामित्री नदी में बाढ़ का पानी देखने गई थी। इसी दौरान नदी में मौजूद एक विशाल मगरमच्छ ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसे पानी में खींच ले गया।

देर शाम तक चला सर्च ऑपरेशन, अगले दिन मिला शव

घटना की सूचना मिलते ही वडोदरा फायर ब्रिगेड की दो टीमें और SDRF की एक टीम मौके पर पहुंची और नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। रविवार देर शाम तक किशोरी का कोई पता नहीं चलने पर अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा।

सोमवार सुबह दोबारा तलाशी अभियान शुरू किया गया, जिसके दौरान घटना स्थल के सामने वाले किनारे से किशोरी का शव बरामद हुआ।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

रेस्क्यू टीम ने शव को नदी से बाहर निकालकर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा और कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए पादरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेज दिया।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे मेढ़ाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।