सूरत में मोबाइल की लत बनी जानलेवा, होमवर्क करने को कहने पर 13 वर्षीय छात्र ने की आत्महत्या

Surat News: गुजरात के सूरत शहर में मोबाइल की लत से जुड़ा एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। वेड रोड स्थित लक्ष्मीनगर सोसायटी में रहने वाले 13 वर्षीय छात्र ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि माता-पिता ने उसे मोबाइल देखने के बजाय होमवर्क करने के लिए कहा था, जिसके बाद वह मानसिक रूप से आहत हो गया।

होमवर्क करने की बात से नाराज हुआ छात्र

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र मूल रूप से ओडिशा के एक परिवार का इकलौता बेटा था और सूरत नगर निगम की स्कूल नंबर 331 में कक्षा 7 में पढ़ाई करता था। घटना के समय वह मोबाइल फोन चला रहा था। इसी दौरान माता-पिता ने उसे पढ़ाई और होमवर्क पर ध्यान देने की सलाह दी। इसके कुछ समय बाद उसने कथित तौर पर घर में पंखे से लटककर अपनी जान दे दी।

परिवार में पसरा मातम

घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर चौक बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

डिजिटल लत पर फिर उठे सवाल

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्र को मोबाइल की लत लग गई थी, जिससे उसके व्यवहार में बदलाव आने लगा था। इस घटना ने बच्चों में बढ़ती डिजिटल निर्भरता और उसके मानसिक प्रभावों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

परिजनों और स्थानीय लोगों ने इस घटना को अभिभावकों के लिए एक चेतावनी बताते हुए बच्चों को मोबाइल और अन्य डिजिटल उपकरणों के संतुलित उपयोग के प्रति जागरूक करने की अपील की है।