
Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार, 8 अगस्त की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर चाबुज मोड़ के पास यात्रियों से भरी एक निजी बस अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
बैरागढ़ से चंबा जा रही थी बस
जानकारी के अनुसार, निजी बस बैरागढ़ से चंबा की ओर जा रही थी। इसी दौरान चाबुज मोड़ के पास चालक ने बस पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय बस में करीब 20 से 25 यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों और पुलिस ने चलाया राहत-बचाव अभियान
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं। घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भेजा गया।
हादसे की वजह अभी स्पष्ट नहीं
चंबा के पुलिस अधीक्षक (SP) विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि बस दुर्घटना में 8 यात्रियों की मौत हुई है, जबकि घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच शुरू कर दी है। विस्तृत जांच के बाद दुर्घटना के कारणों की जानकारी सामने आएगी।



