2025 में PM मोदी ने 23 देशों का दौरा किया, विदेश यात्राओं पर 187 करोड़ रुपये खर्च

PM Modi Foreign Visits: केंद्र सरकार ने संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं से जुड़ा विस्तृत आंकड़ा साझा किया है। सरकार के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2025 में 23 देशों का दौरा किया, जिन पर करीब 187 करोड़ रुपये का खर्च आया। सरकार ने 2021 से 2025 तक की विदेश यात्राओं का ब्यौरा भी उपलब्ध कराया है। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की वर्ष 2011 से 2013 के बीच की कुछ विदेश यात्राओं का खर्च भी साझा किया गया है।

2025 में 23 देशों की यात्रा

राज्यसभा में एक लिखित प्रश्न के उत्तर में सरकार ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2025 में अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, चीन, जापान, श्रीलंका, थाईलैंड, मॉरीशस, जॉर्डन, ओमान समेत कुल 23 देशों का दौरा किया।

सरकार के अनुसार, इन यात्राओं में फ्रांस दौरे पर सबसे अधिक लगभग 25 करोड़ रुपये खर्च हुए। वहीं अमेरिका यात्रा पर लगभग 16.54 करोड़ रुपये, सऊदी अरब यात्रा पर करीब 15 करोड़ रुपये, चीन यात्रा पर लगभग 10 करोड़ रुपये और ब्रिटेन यात्रा पर करीब 9 करोड़ रुपये खर्च हुए।

2021 से 2025 के बीच कुल खर्च

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2021 से 2025 के बीच प्रधानमंत्री मोदी की विदेश यात्राओं पर कुल करीब 295 करोड़ रुपये खर्च हुए।

  • 2021: 36 करोड़ रुपये
  • 2022: 55 करोड़ रुपये
  • 2023: 93 करोड़ रुपये
  • 2024: 109 करोड़ रुपये
  • 2025: 187 करोड़ रुपये

सरकार के अनुसार, वर्ष 2024 में प्रधानमंत्री मोदी ने रूस, यूक्रेन सहित 16 देशों की यात्रा की थी।

मनमोहन सिंह की यात्राओं का भी दिया गया ब्यौरा

सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की कुछ विदेश यात्राओं का खर्च भी साझा किया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 2011 में अमेरिका यात्रा पर लगभग 10 करोड़ रुपये, जबकि 2013 में रूस यात्रा पर 9.95 करोड़ रुपये और जर्मनी यात्रा पर लगभग 6 करोड़ रुपये खर्च हुए थे।

विदेशी निवेश पर भी सरकार का दावा

सरकार ने यह भी बताया कि अप्रैल 2021 से दिसंबर 2025 के बीच प्रधानमंत्री मोदी की विदेश यात्राओं के दौरान हुए समझौता ज्ञापनों (MoUs) के माध्यम से भारत में 381 अरब अमेरिकी डॉलर के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) के प्रस्ताव और निवेश आए। इस अवधि में प्रधानमंत्री मोदी ने 316 MoUs पर हस्ताक्षर किए।