
Crude Oil Price Drop: अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव का सीधा असर अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) के बाजार पर देखने को मिल रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयानों के चलते बीते दिनों कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ था। अब ट्रंप द्वारा ईरान के साथ कूटनीतिक वार्ता शुरू करने की घोषणा के बाद वैश्विक बाजार में क्रूड ऑयल की कीमतों में करीब 5% की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
ट्रंप ने क्या कहा?
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर प्रस्तावित सैन्य कार्रवाई को फिलहाल टालते हुए कहा कि यदि हमला किया जाता, तो यह द्वितीय विश्व युद्ध के बाद का सबसे बड़ा सैन्य अभियान होता। उन्होंने कहा कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम, होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दे अभी भी बने हुए हैं, लेकिन अधिक जनहानि रोकने के लिए कूटनीति ही सबसे बेहतर रास्ता है।
एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने बताया कि सोमवार दोपहर से तेहरान के साथ कूटनीतिक बातचीत शुरू हो रही है, हालांकि किसी समझौते की समयसीमा तय नहीं की गई है।
कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट
ईरान के साथ बातचीत की घोषणा के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में तेज गिरावट आई है।
- ब्रेंट क्रूड की कीमत 4.80% से अधिक गिरकर लगभग 83 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई।
- WTI क्रूड भी 5.30% की गिरावट के साथ करीब 80 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
होर्मुज जलडमरूमध्य बना हुआ है सबसे बड़ा मुद्दा
इससे पहले भी अमेरिका और ईरान के बीच समझौते की संभावनाएं बनी थीं, लेकिन होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर विवाद के कारण कोई अंतिम सहमति नहीं बन सकी थी।
यह समुद्री मार्ग वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। दुनिया के कुल कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस का लगभग 20 प्रतिशत इसी मार्ग से होकर गुजरता है। ऐसे में यहां किसी भी तरह का तनाव या बाधा वैश्विक तेल कीमतों और महंगाई पर सीधा असर डालती है।
शेयर बाजार में भी दिखा सकारात्मक असर
ईरान के साथ बातचीत की खबर के बाद अमेरिकी शेयर बाजार में भी जोरदार तेजी देखने को मिली।
- डाउ जोंस 276.97 अंक चढ़कर बंद हुआ।
- S&P 500 में 51 अंकों की बढ़त दर्ज की गई।
इसी सकारात्मक माहौल का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी दिखाई दिया।
- BSE सेंसेक्स 789 अंकों की छलांग के साथ 78,883 पर खुला।
- NSE निफ्टी भी 24,500 के स्तर को पार करते हुए मजबूती के साथ कारोबार करता नजर आया।



