गांधीनगर के कमलम में भाजपा प्रदेश की बैठक, 9 अगस्त से पूरे गुजरात में निकलेगी ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा

Gujarat BJP Meeting: गांधीनगर स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय ‘कमलम’ में आज प्रदेश अध्यक्ष की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य के विभिन्न जिलों के भाजपा जिलाध्यक्ष, मंत्री और महामंत्री शामिल हुए। बैठक में आगामी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान और तिरंगा यात्रा की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

9 अगस्त से शुरू होगा अभियान

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अनिल पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2022 से चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत इस वर्ष भी 9 अगस्त से राज्यभर में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान की शुरुआत सबसे पहले गांधीनगर से होगी। इसके बाद गुजरात के सभी जिलों में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जाएगा।

हर घर पर तिरंगा लगाने पर रहेगा जोर

भाजपा का लक्ष्य है कि प्रदेश के प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराया जाए। इसके लिए विभिन्न जिलों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। तिरंगा यात्राओं में समाज के प्रतिष्ठित और प्रबुद्ध नागरिकों को भी शामिल किया जाएगा।

‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ पर भी होंगे कार्यक्रम

बैठक में बताया गया कि अभियान के दौरान ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि विभाजन के समय हुई त्रासदी को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सके।

जिला स्तर पर कार्यकर्ताओं को दिया जाएगा प्रशिक्षण

अनिल पटेल ने बताया कि कल कलोल में उन प्रदेश प्रवक्ताओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिन्हें विभिन्न जिलों में भेजा जाएगा। इसके बाद प्रत्येक जिले, महानगर और गांव तक अभियान को प्रभावी ढंग से पहुंचाने की योजना बनाई गई है।

उन्होंने कहा कि राज्य के प्रत्येक जिला मुख्यालय पर तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा और अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।