
Gir Somnath Sea Drowning: गुजरात के गिर सोमनाथ जिले के कोडीनार तालुका के छारा गांव के समुद्र तट पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। समुद्र में नहाने उतरे पांच किशोर अचानक गहरे पानी और तेज समुद्री धार (करंट) की चपेट में आ गए। स्थानीय मछुआरों की तत्परता से तीन किशोरों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई।
दोस्तों को बचाने की कोशिश में सभी फंसे
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, पांचों किशोर समुद्र में स्नान करने गए थे। इसी दौरान तेज लहरों और समुद्री करंट के कारण दो किशोर डूबने लगे। उन्हें बचाने के लिए उनके तीन अन्य साथी भी समुद्र में उतर गए, लेकिन देखते ही देखते पांचों गहरे पानी में फंस गए। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग समुद्र तट पर पहुंच गए।
मछुआरों ने बचाईं तीन जानें, चला रेस्क्यू अभियान
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय मछुआरों ने बहादुरी दिखाते हुए समुद्र में छलांग लगाई और कड़ी मशक्कत के बाद तीन किशोरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इसके बाद लापता किशोरों की तलाश के लिए नेवी, भारतीय तटरक्षक बल (Coast Guard) और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीमों ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया।
तलाशी अभियान के दौरान भावेश चूड़ासमा का शव मंगलवार को बरामद हुआ, जबकि दूसरे किशोर निर्मल हमीरभाई चूड़ासमा का शव बुधवार सुबह शापूरजी कंपनी की जेटी के पास मिला। दोनों शवों को पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
गांव में शोक का माहौल
दो किशोरों की मौत के बाद छारा गांव और आसपास के पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दुखद घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने लोगों से समुद्र में उतरते समय विशेष सावधानी बरतने और तेज लहरों या खराब मौसम के दौरान समुद्र से दूर रहने की अपील की है।



