
सूरत: राज्य सरकार के निर्देश के बाद सूरत नगर निगम (SMC) के स्वास्थ्य विभाग ने शहर में खाद्य सुरक्षा को लेकर बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने शहर के विभिन्न जोनों में स्थित पनीर निर्माण इकाइयों पर एक साथ छापेमारी कर जांच अभियान चलाया।
अधिकारियों ने कार्रवाई के दौरान कई पनीर फैक्ट्रियों का निरीक्षण किया और वहां तैयार किए जा रहे पनीर की गुणवत्ता की जांच के लिए नमूने (सैंपल) एकत्र किए। इन सैंपलों को विस्तृत परीक्षण के लिए नगर निगम की प्रयोगशाला (लैब) में भेज दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी फैक्ट्री में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन या मिलावट पाई जाती है तो संबंधित संचालकों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSSAI) के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि यह अभियान उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। आने वाले दिनों में भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य पदार्थ बनाने वाली इकाइयों पर इसी तरह की जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।



