बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से तबाही, दो राज्यों में 200 से ज्यादा मौतें, करोड़ों का नुकसान

Himachal Pradesh Landslide: हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। प्राकृतिक आपदा के चलते अब तक 100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि राज्य को करीब 834 करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान होने का अनुमान है। शनिवार सुबह चंबा में एक बस के खाई में गिरने की घटना में भी 2 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। लगातार हो रही बारिश के कारण वाहन फंसने और हादसों की घटनाएं भी बढ़ रही हैं।

कई सड़कें बंद, जनजीवन प्रभावित

भारी बारिश और भूस्खलन के कारण राज्य के कई हिस्सों में यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 162 सड़कें बंद हैं, जिससे लोगों की आवाजाही मुश्किल हो गई है। इसके अलावा लगभग 105 ट्रांसफॉर्मर खराब होने से बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है।

मंडी जिले में पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर उरला के पास भूस्खलन के कारण करीब साढ़े चार घंटे तक यातायात बाधित रहा। बाद में मशीनरी की मदद से मलबा हटाकर मार्ग को साफ किया गया।

कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

बारिश की सक्रियता को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, उत्तराखंड और पंजाब समेत कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के कारण पूर्वी भारत में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

उत्तर प्रदेश और बिहार के कई इलाकों में 60 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

असम में भी बाढ़ की स्थिति गंभीर

हिमाचल प्रदेश के अलावा असम में भी बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। आधिकारिक बुलेटिन के अनुसार, असम में बाढ़ से अब तक 98 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य के 13 जिले और करीब 464 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं, जबकि लगभग 1.55 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।

प्रशासन की ओर से प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान लगातार चलाया जा रहा है।