
Indian Student Arrested in Germany: अमेरिका के एरिजोना से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 19 वर्षीय गर्लफ्रेंड की हत्या के आरोप में 20 वर्षीय भारतीय युवक को जर्मनी से गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि हत्या के बाद आरोपी अमेरिका से फरार होकर जर्मनी पहुंच गया था। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
एरिजोना यूनिवर्सिटी के पास अपार्टमेंट से मिला शव
मिली जानकारी के अनुसार, वरुण बाचिगारी नाम के भारतीय नागरिक पर अपनी गर्लफ्रेंड और कॉलेज छात्रा जुलिसा रूबी सालाजार की गला दबाकर हत्या करने का आरोप है। जुलिसा का शव गुरुवार को टक्सन स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ एरिजोना के पास उसके अपार्टमेंट से बरामद हुआ।
जुलिसा के परिवार की शिकायत के बाद पुलिस जब अपार्टमेंट पहुंची, तो वह अचेत अवस्था में मिली। उसके शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए। जांच के दौरान पुलिस ने वरुण को मुख्य संदिग्ध के रूप में चिन्हित किया। आरोप है कि हत्या के बाद वरुण जुलिसा का फोन और क्रेडिट कार्ड भी अपने साथ ले गया तथा उसकी मां को मैसेज किए।
बर्लिन पहुंचते ही फ्लाइट से गिरफ्तार
आरोप है कि गर्लफ्रेंड की हत्या के बाद वरुण टक्सन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचा और वहां से ह्यूस्टन की फ्लाइट ली। इसके बाद वह ह्यूस्टन से जर्मनी के बर्लिन के लिए रवाना हुआ।
एरिजोना पुलिस और संघीय एजेंसियों ने उसे ट्रैक करते हुए गिरफ्तारी वारंट जारी कराया। बताया गया है कि वरुण के बर्लिन पहुंचते ही उसे हिरासत में ले लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, वह जर्मनी के रास्ते भारत भागने की कोशिश में था।
अब उसे एरिजोना लाकर पिमा काउंटी एडल्ट डिटेंशन सेंटर में रखा जाएगा, जहां उसके खिलाफ फर्स्ट-डिग्री मर्डर का मामला चलाया जाएगा।
रिश्ते में तनाव और शोषण के आरोप
रिपोर्ट्स के अनुसार, जुलिसा वरुण द्वारा कथित शारीरिक और यौन शोषण से परेशान थी और उससे रिश्ता खत्म करने पर विचार कर रही थी। 5 अगस्त को जुलिसा के कमरे से तेज आवाज में चीखने की आवाज आने की बात भी सामने आई है।
वरुण यूनिवर्सिटी ऑफ एरिजोना में बिजनेस एनालिटिक्स की पढ़ाई कर रहा था। हालांकि, मारपीट के एक मामले के कारण उसे पहले ही यूनिवर्सिटी से निष्कासित किया जा चुका था।
उस पर घरेलू हिंसा के आरोप भी थे और मई से जुड़ा एक मामला अदालत में लंबित था। हाल ही में उसकी नौकरी भी चली गई थी, जिसके कारण उसे किराया चुकाने में परेशानी हो रही थी। इसके अलावा उसका इमिग्रेशन स्टेटस भी खतरे में बताया जा रहा था।
हालांकि, इन परिस्थितियों का हत्या से सीधा संबंध था या नहीं, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।



