‘शुद्ध पेट्रोल क्या आपके बाप के घर से आएगा?’, BJP सांसद जनार्दन मिश्रा का विवादित बयान

Janardan Mishra BJP MP News: मध्य प्रदेश की रीवा लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद जनार्दन मिश्रा एक बार फिर अपने विवादित बयान को लेकर चर्चा में हैं। रीवा एयरपोर्ट पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण और शुद्ध पेट्रोल की मांग करने वालों पर सार्वजनिक मंच से आपत्तिजनक टिप्पणी की। उनके बयान का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

दरअसल, रीवा एयरपोर्ट पर कोलकाता-रीवा-भोपाल हवाई सेवा की शुरुआत के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों एवं विकास कार्यों की तारीफ करते हुए सांसद जनार्दन मिश्रा ने पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रण की नीति का जोरदार समर्थन किया। उन्होंने ब्राजील का उदाहरण देते हुए कहा कि भारतीय वाहन भी इथेनॉल पर चलने में सक्षम हैं।

मंच से तीखी और विवादित प्रतिक्रिया

इथेनॉल मिश्रण का विरोध करने वालों और ‘शुद्ध पेट्रोल’ की मांग करने वालों पर निशाना साधते हुए सांसद जनार्दन मिश्रा ने विवादित टिप्पणी कर दी। उन्होंने मंच से कहा, “शुद्ध पेट्रोल क्या आपके बाप के घर से आएगा?”

जिस समय सांसद यह बयान दे रहे थे, उस समय मंच पर मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, राज्य मंत्री प्रतिभा बागरी, सतना सांसद गणेश सिंह समेत कई विधायक और वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

पहले भी विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहे हैं

गौरतलब है कि जनार्दन मिश्रा इससे पहले भी अपने कई बयानों को लेकर विवादों में रह चुके हैं। अब उनका यह वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। विपक्षी दलों की ओर से भी सांसद के बयान को लेकर सत्ताधारी दल पर निशाना साधे जाने की संभावना है।