
Colombia Earthquake: दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया में सोमवार को आए शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। कोलंबिया के पश्चिमी हिस्से में आए 7.4 तीव्रता के भूकंप में मृतकों की संख्या बढ़कर 132 हो गई है, जबकि 570 से अधिक लोग घायल हुए हैं। कोलंबिया सरकार ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की है।
इस प्राकृतिक आपदा की गंभीर स्थिति को देखते हुए कोलंबिया सरकार ने सोमवार को ही देश में ‘राष्ट्रीय आपदा’ घोषित कर दी थी।
1,575 मकान क्षतिग्रस्त, 6 एयरपोर्ट पर उड़ानें प्रभावित
कोलंबिया के राष्ट्रपति अबेलार्डो डे ला एस्प्रीएला ने बोगोटा से जानकारी देते हुए बताया कि शक्तिशाली भूकंप के कारण देशभर में करीब 1,575 मकानों को भारी नुकसान पहुंचा है।
इसके अलावा, देश के 6 एयरपोर्ट के बुनियादी ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है, जिसके चलते सभी वाणिज्यिक उड़ानों का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
96 किलोमीटर की गहराई में था भूकंप का केंद्र
कोलंबियाई जियोलॉजिकल सर्विस के अनुसार, पश्चिमी कोलंबिया में स्थानीय समयानुसार सुबह 7:34 बजे भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए।
भूकंप का केंद्र चोको विभाग के सैन जोस डेल पालमार के पास जमीन से करीब 96 किलोमीटर की गहराई में दर्ज किया गया। प्रशासन और संबंधित अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों की राजधानियों, स्थानीय मेयरों और उनकी टीमों के लगातार संपर्क में हैं।
फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्रभावित लोगों तक जरूरी राहत सामग्री पहुंचाने का काम तेजी से जारी है।
वैश्विक नेताओं ने जताई संवेदना, मदद का भरोसा
इस मुश्किल समय में दुनिया के कई प्रमुख नेताओं ने कोलंबिया के लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और मदद का भरोसा दिलाया है।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कोलंबिया के लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में कोलंबिया फ्रांस की दोस्ती और समर्थन पर भरोसा कर सकता है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने भी भूकंप से हुई तबाही पर दुख जताया। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दुनिया के देशों से प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भी कोलंबिया में आए शक्तिशाली भूकंप पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में इटली कोलंबिया के लोगों, प्रभावित परिवारों और राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे सभी लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है।



