सुप्रिया सुले की बेटी के रिसेप्शन में भुला दिए गए राजनीतिक मतभेद! PM मोदी, सोनिया गांधी समेत कई दिग्गज नेता पहुंचे

Revati Sule Wedding: महाराष्ट्र की राजनीति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शरद पवार की मुलाकातें हमेशा चर्चा का विषय रहती हैं। सोमवार को दिल्ली में एक बार फिर दोनों नेता साथ नजर आए। हालांकि, इस बार मुलाकात की वजह राजनीति नहीं, बल्कि एक पारिवारिक समारोह था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी NCP (SP) की सांसद सुप्रिया सुले की बेटी रेवती सुले और सारंग लखानी के विवाह समारोह के रिसेप्शन में पहुंचे। यहां वह शरद पवार के साथ बैठे और उनसे बातचीत करते नजर आए। इस समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अलावा राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी समेत देश के कई प्रमुख राजनीतिक चेहरे भी मौजूद रहे।

रेवती सुले के रिसेप्शन में PM मोदी की खास मौजूदगी

दिल्ली में सोमवार को NCP (SP) नेता और बारामती की सांसद सुप्रिया सुले की बेटी तथा शरद पवार की पोती रेवती सुले के विवाह का भव्य रिसेप्शन आयोजित किया गया। समारोह की सामने आई तस्वीरों और वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी NCP (SP) प्रमुख शरद पवार के बगल में बैठे नजर आए।

प्रधानमंत्री ने नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं। साथ ही शरद पवार के परिवार और समारोह में मौजूद अन्य मेहमानों से मुलाकात कर उनका अभिवादन स्वीकार किया। राजनीतिक मतभेदों को किनारे रखते हुए PM मोदी की मौजूदगी और शरद पवार के साथ उनकी बातचीत ने राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज कर दी है।

अमित शाह से लेकर राहुल गांधी तक, दिग्गज नेता रहे मौजूद

रेवती सुले और सारंग लखानी के विवाह समारोह में शरद पवार ने खुद सभी खास मेहमानों का स्वागत किया। रिसेप्शन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी पहुंचे।

इसके अलावा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी भी समारोह में मौजूद रहीं। इस तरह एक ही मंच पर देश के अलग-अलग राजनीतिक दलों के कई दिग्गज नेताओं का जमावड़ा देखने को मिला।

चिराग पासवान और अखिलेश यादव भी पहुंचे

चिराग पासवान और अखिलेश यादव भी दिल्ली में आयोजित रेवती सुले के ग्रैंड रिसेप्शन में शामिल हुए। दोनों नेताओं ने नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं।

राजनीतिक मतभेदों और विचारों को एक तरफ रखते हुए सभी नेता इस पारिवारिक समारोह में सौहार्दपूर्ण माहौल में नजर आए।

सुप्रिया सुले ने PM मोदी से की मुलाकात, INDIA गठबंधन में चर्चा तेज

विवाह समारोह से पहले सोमवार को ही सुप्रिया सुले ने अपनी पार्टी के 8 सांसदों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। यह बैठक करीब 20 मिनट तक चली।

बैठक के बाद परिसीमन (Delimitation) बिल को लेकर NCP (SP) के रुख पर फिर से चर्चा शुरू हो गई। सुप्रिया सुले पहले स्पष्ट कर चुकी हैं कि यदि परिसीमन बिल के मसौदे में उनकी पार्टी की सभी जरूरी मांगों को स्वीकार किया जाता है, तभी NCP (SP) इसका समर्थन करेगी।

हालांकि, प्रधानमंत्री मोदी के साथ हुई इस बैठक में परिसीमन का मुद्दा नहीं उठाया गया। NCP (SP) के सांसदों ने प्रधानमंत्री के सामने अपने-अपने क्षेत्रों के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दे रखे।