
Hardik Pandya Trade Update: IPL 2027 में हार्दिक पंड्या किस टीम की जर्सी में नजर आएंगे? मुंबई इंडियंस छोड़ने की उनकी अटकलों ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। शुरुआत में उन्हें ट्रेड करने की रेस में केवल चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के नाम सामने आ रहे थे, लेकिन अब खबर है कि 5 टीमें हार्दिक में दिलचस्पी दिखा रही हैं। इनमें दिल्ली कैपिटल्स भी शामिल है, जो उन्हें हासिल करने के लिए अपने एक मार्की खिलाड़ी को ट्रेड करने पर विचार कर सकती है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, चेन्नई सुपर किंग्स की पहली प्राथमिकता नए हेड कोच की नियुक्ति करना है। इसके बाद ही टीम हार्दिक पंड्या या किसी अन्य खिलाड़ी को ट्रेड करने की संभावना पर विचार करेगी। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स, दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स भी हार्दिक को अपनी टीम में शामिल करने में दिलचस्पी रखती हैं।
जानिए कौन सी टीम किस खिलाड़ी को ट्रेड करने को तैयार
दिल्ली कैपिटल्स
रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली कैपिटल्स हार्दिक पंड्या को हासिल करने के लिए अक्षर पटेल को मुंबई इंडियंस के साथ ट्रेड कर सकती है। पिछले कुछ वर्षों में मुंबई का स्पिन गेंदबाजी आक्रमण बहुत मजबूत नहीं रहा है। ऐसे में अक्षर टीम की इस कमी को दूर कर सकते हैं। इसके अलावा उनके पास नेतृत्व का अनुभव भी है।
लखनऊ सुपर जायंट्स
लखनऊ सुपर जायंट्स के पास मिचेल मार्श के रूप में एक वर्ल्ड-क्लास ऑलराउंडर मौजूद है, लेकिन वह IPL में ज्यादा गेंदबाजी नहीं करते। ऐसे में निकोलस पूरन को संभावित ट्रेड का हिस्सा बनाया जा सकता है। यानी हार्दिक पंड्या के बदले निकोलस पूरन मुंबई इंडियंस में जा सकते हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स
चेन्नई सुपर किंग्स के CEO काशी विश्वनाथन के अनुसार, टीम की पहली प्राथमिकता हेड कोच की नियुक्ति है। स्टीफन फ्लेमिंग के जाने के बाद यह पद खाली है।
हालांकि, इससे पहले ऐसी अटकलें थीं कि हार्दिक के बदले CSK को अपने दो खिलाड़ियों को छोड़ना पड़ सकता है। इस संभावित पैकेज में शिवम दुबे, आयुष म्हात्रे और डेवाल्ड ब्रेविस जैसे खिलाड़ियों के नाम सामने आए थे।
कोलकाता नाइट राइडर्स
कोलकाता नाइट राइडर्स 25.2 करोड़ रुपये में खरीदे गए कैमरन ग्रीन को रिलीज या ट्रेड करने पर विचार कर सकती है। हालांकि, यह मुंबई इंडियंस के लिए उतना फायदेमंद सौदा नहीं माना जा रहा है।
अगले साल IPL के तुरंत बाद एशेज सीरीज खेली जानी है। ऐसे में IPL में कैमरन ग्रीन की उपलब्धता को लेकर भी सवाल बने रह सकते हैं।
राजस्थान रॉयल्स
राजस्थान रॉयल्स के पास रविंद्र जडेजा, सैम करन, डोनोवन फरेरा और दासुन शनाका जैसे कई शानदार ऑलराउंडर मौजूद हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजस्थान हार्दिक पंड्या को हासिल करने के लिए यशस्वी जायसवाल को भी ट्रेड करने पर विचार कर सकता है।
हालांकि, हार्दिक पंड्या के इन संभावित ट्रेड को लेकर अभी तक मुंबई इंडियंस, संबंधित फ्रेंचाइजियों या IPL की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।



