
Fake Loan Apps: आज के समय में कई लोगों को अचानक किसी जरूरी काम के लिए बड़ी रकम की जरूरत पड़ जाती है। ऐसे में कुछ लोग बैंक या अन्य वित्तीय संस्थानों से लोन लेते हैं, जबकि कई लोग तुरंत लोन पाने के लिए मोबाइल ऐप्स का सहारा लेते हैं। लेकिन ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर मौजूद कुछ फर्जी लोन ऐप्स आपके लिए गंभीर आर्थिक और साइबर सुरक्षा जोखिम पैदा कर सकते हैं।
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बढ़ रहा फर्जी लोन ऐप्स का खतरा
ऑनलाइन कई तरह के लोन ऐप उपलब्ध हैं, लेकिन इनमें कुछ ऐप फर्जी भी हो सकते हैं। गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाली साइबर सुरक्षा एजेंसी I4C (Indian Cyber Crime Coordination Centre) की पहल CyberDost ने लोगों को ऐसे फर्जी लोन ऐप्स से सावधान रहने की सलाह दी है।
CyberDost I4C ने सोशल मीडिया पर दी चेतावनी
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर CyberDost I4C की ओर से लोगों को फर्जी लोन ऐप्स को लेकर सतर्क किया गया है। एजेंसी ने एक पोस्ट के जरिए कुछ संदिग्ध लोन ऐप्स के नामों को लेकर चेतावनी जारी की है।
फर्जी ऐप्स चुरा सकते हैं आपका निजी डेटा
साइबर अपराधी ऐसे फर्जी लोन ऐप तैयार कर रहे हैं, जो देखने में काफी हद तक असली ऐप जैसे लग सकते हैं। ये ऐप आपके पर्सनल डेटा, कॉन्टैक्ट्स और अन्य संवेदनशील जानकारी तक पहुंच हासिल करने की कोशिश कर सकते हैं।
कई बार ये ऐप मोबाइल की गैर-जरूरी परमिशन मांगते हैं और उस जानकारी का दुरुपयोग किया जा सकता है।
लोन ऐप डाउनलोड करने से पहले करें जांच
किसी भी लोन ऐप को डाउनलोड करने से पहले उसकी विश्वसनीयता की जांच करना बेहद जरूरी है। CyberDost I4C की सलाह के मुताबिक इन बातों का ध्यान रखें।
फर्जी लोन ऐप की पहचान कैसे करें?
- डेवलपर और कंपनी की पूरी जानकारी जरूर जांचें।
- यह पता करें कि लोन देने वाली कंपनी RBI द्वारा विनियमित है या नहीं।
- यूजर रिव्यू ध्यान से पढ़ें और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें।
- संवेदनशील दस्तावेज बिना जांच के किसी ऐप पर अपलोड न करें।
- ऐप को अनावश्यक मोबाइल परमिशन देने से बचें।
थर्ड-पार्टी प्लेटफॉर्म और APK फाइल से रहें सावधान
किसी अनजान थर्ड-पार्टी वेबसाइट या प्लेटफॉर्म से लोन ऐप डाउनलोड न करें। इसके अलावा WhatsApp, SMS या अन्य मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर भेजी गई APK फाइल को बिना सत्यापन के इंस्टॉल न करें।
सावधानी ही साइबर ठगी से बचने का सबसे बेहतर तरीका है।



