
No Advance Tip For Cab Booking: अगर आप भी Ola, Uber या किसी अन्य ऐप के जरिए कैब बुक करते हैं और राइड कन्फर्म होने से पहले ही स्क्रीन पर टिप या अतिरिक्त पैसे देने का विकल्प दिखाई देता था, तो अब ऐसा नहीं होगा। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने सभी कैब एग्रीगेटर्स को अपने मोबाइल ऐप और डिजिटल प्लेटफॉर्म से इस तरह के फीचर्स तत्काल हटाने का निर्देश दिया है।
मंत्रालय के अनुसार, यात्रा शुरू होने से पहले अतिरिक्त भुगतान के लिए दिखाए जाने वाले ऐसे विकल्प Motor Vehicle Aggregator Guidelines, 2025 के नियमों का उल्लंघन करते हैं।
ऐप से ‘Advance Tip’ और ‘Quick Ride’ जैसे विकल्प हटाने होंगे
सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि कैब बुक करते समय ग्राहकों को ‘Advance Tip’ या ‘Get a Quick Ride’ जैसे विकल्प नहीं दिखाए जा सकते।
कैब कंपनियां ग्राहकों पर अतिरिक्त पैसे देने का दबाव नहीं बना सकतीं। अतिरिक्त भुगतान करने पर ही ड्राइवर राइड स्वीकार करेगा, सर्विस जल्दी मिलेगी या वेटिंग टाइम कम होगा—इस तरह का संकेत भी नहीं दिया जा सकता।
सरकार का मानना है कि ऐसे विकल्प ग्राहकों पर अनावश्यक आर्थिक दबाव डाल सकते हैं। इसलिए ऐप्स से ऐसे सभी फीचर्स हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
राइड पूरी होने के बाद ही दे सकेंगे टिप
Motor Vehicle Aggregator Guidelines, 2025 के Clause 14.15 के अनुसार, यात्री यात्रा पूरी होने के बाद अपनी इच्छा से ड्राइवर को टिप दे सकता है।
टिप देना पूरी तरह स्वैच्छिक होगा। इसके अलावा, यात्री द्वारा दी गई टिप की पूरी राशि ड्राइवर को मिलनी चाहिए। कैब एग्रीगेटर उसमें से किसी भी तरह का कमीशन या शुल्क नहीं काट सकता।
ऐप में ऐसा कोई टिपिंग फीचर भी नहीं रखा जा सकता, जिससे ग्राहक को भ्रम हो या उस पर टिप देने का दबाव बने।
कैब कंपनियों को ऐप में तुरंत बदलाव करने होंगे
सरकार ने सभी मोटर व्हीकल एग्रीगेटर्स को अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म और मोबाइल ऐप की तत्काल समीक्षा करने और नियमों के खिलाफ मौजूद सभी इंटरफेस व विकल्प हटाने के निर्देश दिए हैं।
इससे पहले Central Consumer Protection Authority (CCPA) भी बुकिंग से पहले टिप मांगने की व्यवस्था पर आपत्ति जता चुकी है।
अब सड़क परिवहन मंत्रालय के निर्देश के बाद कैब बुक करने वाले ग्राहकों को राइड कन्फर्म कराने के लिए पहले से अतिरिक्त टिप देने के दबाव से राहत मिलने की उम्मीद है।



