गुजरात सरकार का बड़ा फैसला, अब श्रमिक परिवारों को सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों में असीमित खर्च पर मिलेगा इलाज

ESIC Gujarat Healthcare MoU: राज्य के श्रमिक परिवारों को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्रम एवं रोजगार विभाग तथा कर्मचारी राज्य बीमा निगम-गुजरात (ESIC) ने नई पहल की है। ESIC के तहत पंजीकृत बीमित श्रमिकों और उनके आश्रित लाभार्थियों को टर्शियरी केयर और सुपर स्पेशियलिटी उपचार उपलब्ध कराने के लिए 6 स्वास्थ्य संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) किया गया है।

श्रमिक परिवारों को मिलेगा बड़ा स्वास्थ्य सुरक्षा कवच

गांधीनगर में आयोजित MoU एक्सचेंज कार्यक्रम के बाद श्रम एवं रोजगार मंत्री ने कहा कि स्वस्थ श्रमिक ही मजबूत अर्थव्यवस्था और राष्ट्र निर्माण का आधार हैं।

उन्होंने कहा कि श्रमिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराने वाली यह पहल लाखों श्रमिक परिवारों के लिए मजबूत स्वास्थ्य सुरक्षा कवच और बड़ी आर्थिक राहत का माध्यम बनेगी।

इस पहल के तहत अब राज्य में ESIC के अंतर्गत पंजीकृत श्रमिकों और उनके परिवारों को जरूरत के अनुसार सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों में असीमित खर्च पर उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।

योजना के दुरुपयोग पर भी रहेगी नजर

ESIC के तहत उपलब्ध सरकारी फंड का उपयोग केवल श्रमिकों के हित और कल्याण के लिए उचित तरीके से हो, यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके साथ ही योजना का किसी भी स्तर पर दुरुपयोग न हो, इसके लिए भी विशेष निगरानी और सावधानी बरती जाएगी।

45 और अस्पतालों के साथ MoU की तैयारी

राज्य के प्रमुख स्वास्थ्य संस्थानों को इस नेटवर्क से जोड़ने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। इनमें यू.एन. मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर, GMERS अस्पताल, गुजरात कैंसर एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट (GCRI), इंस्टीट्यूट ऑफ किडनी डिजीज एंड रिसर्च सेंटर और AIIMS राजकोट जैसी संस्थाएं शामिल हैं।

इसके अलावा, पूरे गुजरात में 45 अन्य अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों के साथ MoU की प्रक्रिया भी चल रही है। इसके पूरा होने के बाद ESIC लाभार्थियों को राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में टर्शियरी केयर और सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।

ESIC गुजरात ने इन 6 संस्थानों के साथ किया MoU

  1. श्रीमद राजचंद्र हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, धरमपुर, वलसाड
  2. श्रीमद राजचंद्र सर्वमंगल हॉस्पिटल एंड सी. यू. शाह मेडिकल कॉलेज, सुरेंद्रनगर
  3. श्री गिरिराज हॉस्पिटल (श्री गिरिराज लाइफकेयर प्राइवेट लिमिटेड की एक इकाई), राजकोट
  4. गोकुल लाइफकेयर प्राइवेट लिमिटेड, राजकोट
  5. एन. एम. विरानी वॉकहार्ट हॉस्पिटल लिमिटेड
  6. डॉ. भट्ट पैथोलॉजी लैबोरेटरी, राजकोट