
J. P. Nadda Admitted in Hospital: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और राज्यसभा में सदन के नेता जे.पी. नड्डा की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली के ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (AIIMS) में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार (13 अगस्त) शाम उन्हें अस्वस्थता और बेचैनी महसूस हुई, जिसके बाद उन्हें तत्काल AIIMS ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनकी एंजियोग्राफी की, जिसके जरिए हृदय की धमनियों में संभावित ब्लॉकेज की जांच की जाती है।
तबीयत स्थिर, डॉक्टरों की निगरानी में
AIIMS की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, जे.पी. नड्डा की हालत फिलहाल स्थिर है। उन्हें अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभाग में विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आने के बाद बीजेपी नेताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद दिया ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ पर संदेश
इलाज के दौरान भी जे.पी. नड्डा ने 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के अवसर पर सोशल मीडिया के जरिए संदेश साझा किया। उन्होंने कहा कि यह दिन देश के विभाजन के दौरान कठिन परिस्थितियों से गुजरने वाले और अपनी जान गंवाने वाले लाखों लोगों के दर्द और बलिदान की याद दिलाता है।
हाल ही में संसद में विपक्ष पर किया था हमला
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रह चुके हैं। संसद के मौजूदा मानसून सत्र के दौरान वह राज्यसभा में लगातार सक्रिय रहे हैं।
दो दिन पहले ही कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की गैरमौजूदगी को लेकर उठाए गए सवालों पर नड्डा ने विपक्ष पर निशाना साधा था।
उन्होंने आरोप लगाया था कि विपक्ष के नेता सदन को गुमराह कर रहे हैं और चर्चा से बच रहे हैं।



