
CJP and Instagram Page News: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज को ब्लॉक किए जाने का दावा किया गया है। CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट और स्क्रीनशॉट साझा करते हुए पेज हटाए जाने पर नाराजगी जताई और ऐसा करने वालों को ‘डरपोक’ बताया।
स्वतंत्रता दिवस की सुबह अभिजीत दीपके ने पोस्ट करते हुए दावा किया कि पार्टी का इंस्टाग्राम हैंडल डाउन कर दिया गया है। स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, “उन्होंने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल हटा दिया। कितने बड़े डरपोक हैं!”
स्वतंत्रता दिवस पर क्या कहा?
इस घटना से पहले अभिजीत दीपके ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए एक तस्वीर शेयर की थी। यह तस्वीर NEET पेपर लीक के विरोध में दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की थी।
तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा कि स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं। यह तस्वीर याद दिलाती है कि हमें अभी भी एक लंबा रास्ता तय करना है।
CJI सूर्यकांत के बयान के बाद बनाया था CJP पेज
बताया जाता है कि भारत के मुख्य न्यायाधीश CJI सूर्यकांत के एक बयान के विरोध में अभिजीत दीपके ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम से सोशल मीडिया पेज शुरू किया था।
इसके बाद CJP को X और इंस्टाग्राम पर तेजी से लोकप्रियता मिली और बड़ी संख्या में लोग इसके सोशल मीडिया पेज से जुड़े। बाद में अभिजीत दीपके अमेरिका से भारत लौटे और CJP के बैनर तले NEET पेपर लीक सहित शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर अभियान शुरू किया।
CJP शुरू करेगा ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान
CJP के आह्वान पर छात्रों और लोगों ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन भी किया था। अब अभिजीत दीपके ने शिक्षा व्यवस्था से जुड़े अन्य मुद्दों को उठाने की घोषणा की है।
इसी कड़ी में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में स्थित अपने गांव से ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान शुरू करने की बात कही गई है।
इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण सरकारी स्कूलों की बुनियादी सुविधाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार लाना तथा स्थानीय स्तर पर जवाबदेही तय करना बताया गया है।
दीपके के मुताबिक, वह अपने गांव से अभियान की शुरुआत करेंगे और स्थानीय सरपंच से सरकारी स्कूलों की मरम्मत कराने तथा बेंच, पीने का पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का अनुरोध करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि CJP ने कई टीमें बनाई हैं, जो गांवों में जाकर स्थानीय लोगों और सरपंचों के सहयोग से सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने की दिशा में काम करेंगी।
नोट: इंस्टाग्राम पेज ब्लॉक किए जाने और इससे जुड़े कारणों के संबंध में ऊपर दी गई जानकारी अभिजीत दीपके के सार्वजनिक दावों पर आधारित है।



