यूक्रेन का सबसे बड़ा हमला, रूस ने जवाबी कार्रवाई में भारतीय अरबपति की फैक्ट्री पर दागी मिसाइल

Russia-Ukraine War Updates: रूस और यूक्रेन के बीच करीब साढ़े चार साल से जारी युद्ध थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को संघर्ष और तेज हो गया, जब यूक्रेन ने रूस के कई इलाकों पर बड़े पैमाने पर ड्रोन हमला किया। इसके जवाब में रूस ने भी यूक्रेन के कई क्षेत्रों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। रूसी हमले में भारतीय अरबपति लक्ष्मी मित्तल के समूह से जुड़ी यूक्रेन की एक प्रमुख स्टील फैक्ट्री को नुकसान पहुंचा है, जिसके बाद वहां उत्पादन आंशिक रूप से रोक दिया गया।

रूस पर यूक्रेन ने दागे 822 ड्रोन

रूस के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, उसकी सेना ने रातभर में यूक्रेन के 822 ड्रोन को नष्ट या इंटरसेप्ट किया। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन के मुताबिक, करीब 600 ड्रोन राजधानी मॉस्को की ओर बढ़ रहे थे, जिनमें से लगभग एक-तिहाई को मॉस्को क्षेत्र के ऊपर ही मार गिराया गया।

यूक्रेन के इस बड़े ड्रोन हमले में रूस में कम से कम 6 लोगों की मौत की खबर है। मॉस्को क्षेत्र के पोडोल्स्क शहर में ऑनलाइन रिटेल कंपनी Wildberries के एक गोदाम में भी आग लग गई। वहीं, रोस्तोव क्षेत्र में 150 से अधिक ड्रोन हमलों की सूचना सामने आई, जिसमें 5 लोगों की मौत हुई।

भारतीय अरबपति लक्ष्मी मित्तल की फैक्ट्री बनी निशाना

रूस के जवाबी हमले में यूक्रेन के क्रिवी रिह शहर स्थित ArcelorMittal Kryvyi Rih स्टील प्लांट को निशाना बनाया गया। यह कंपनी भारतीय उद्योगपति लक्ष्मी मित्तल के ArcelorMittal समूह का हिस्सा है और यूक्रेन की सबसे बड़ी स्टील उत्पादन इकाइयों में से एक है।

कंपनी ने पुष्टि की कि रूसी हमले में प्लांट की प्रमुख उत्पादन सुविधाओं को नुकसान पहुंचा है। विशेष रूप से बिजली उत्पादन और ब्लास्ट फर्नेस से जुड़े ढांचे प्रभावित हुए हैं, जिसके चलते प्लांट का उत्पादन आंशिक रूप से रोकना पड़ा।

मिसाइल हमले में 5 लोगों की मौत, कई घायल

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के अनुसार, क्रिवी रिह में रूसी मिसाइल हमले में 2 लोगों की मौत हुई और 14 लोग घायल हुए। इसके अलावा सूमी और दक्षिणी जापोरिज्जिया क्षेत्र में भी रूसी हमलों में लोगों के मारे जाने की खबर है।

रूस और यूक्रेन के बीच हुए इन ताजा हमलों में दोनों देशों के कई शहरों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। यूक्रेन ने जहां रूस के भीतर बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले किए, वहीं रूस ने जवाबी कार्रवाई में यूक्रेन के औद्योगिक और अन्य महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाया।