
UAE Suspends All Trade with Iran: मध्य पूर्व में अमेरिका और ईरान के बीच लगातार बढ़ते सैन्य तनाव के बीच अब भारत के करीबी मित्र देश UAE ने बड़ा फैसला लिया है। UAE ने मंगलवार को आधिकारिक घोषणा करते हुए ईरान के साथ सभी प्रकार के व्यापार, वाणिज्यिक आदान-प्रदान और वित्तीय लेनदेन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं।
UAE ने ईरान के साथ सभी आर्थिक संबंध रोके
इस फैसले की जानकारी देते हुए UAE विदेश मंत्रालय के संचार विभाग की निदेशक अफरा अल हमेली ने कहा कि क्षेत्रीय तनाव और मौजूदा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ईरान के साथ सभी व्यापार, वाणिज्यिक आदान-प्रदान और वित्तीय लेनदेन को अगले आदेश तक रोक दिया गया है।
नागरिकों के लिए इमरजेंसी फोन अलर्ट
व्यापार पर प्रतिबंध लगाने के फैसले की घोषणा से करीब दो घंटे पहले UAE के नागरिकों के मोबाइल फोन पर एक इमरजेंसी अलर्ट जारी किया गया था। इस अलर्ट में संभावित मिसाइल खतरे को लेकर चेतावनी दी गई थी।
UAE का दावा- ईरान ने किया मिसाइल हमला
UAE ने दावा किया है कि ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में जहाजों और नेविगेशन को निशाना बनाते हुए दो बैलिस्टिक मिसाइलें दागी थीं।
रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर बताया कि UAE एयर डिफेंस ने ईरान की ओर से देश की तरफ दागी गई दो बैलिस्टिक मिसाइलों का पता लगाया। इनमें से पहली मिसाइल देश की क्षेत्रीय जलसीमा के बाहर गिरी, जबकि दूसरी मिसाइल क्षेत्रीय जलसीमा के भीतर गिरी।
ईरान का जवाब- हमने कोई हमला नहीं किया
दूसरी ओर, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने UAE के इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है।
उन्होंने कहा कि UAE का यह दावा कि ईरान ने उसकी ओर मिसाइल दागी है, पूरी तरह गलत है और ईरान इसे स्पष्ट रूप से खारिज करता है। उनके अनुसार, इस तरह के आरोप क्षेत्रीय विश्वास और सुरक्षा के प्रयासों को नुकसान पहुंचाते हैं।



