
India Pakistan Diplomatic Tensions: पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। दोनों देशों के बीच औपचारिक कूटनीतिक गतिविधियां लगभग ठप हैं। इसी बीच पाकिस्तान की ओर से उठाए गए कदम के जवाब में भारत ने भी कूटनीतिक मोर्चे पर सख्त कार्रवाई की है।
दिल्ली में पाकिस्तानी मिशन के बाहर बुलडोजर एक्शन
इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग के बाहर पाकिस्तानी अधिकारियों ने सुरक्षा बैरिकेड्स और पार्किंग पोल कथित तौर पर हटा दिए थे। इसके महज 3 दिन बाद नई दिल्ली में पाकिस्तानी हाई कमीशन के बाहर कार्रवाई की गई।
नई दिल्ली में पाकिस्तानी हाई कमीशन के वीजा विभाग के पास निर्धारित सीमा से बाहर बनाए गए कथित अवैध निर्माण और अतिक्रमण को बुलडोजर की मदद से हटाया गया। कार्रवाई के दौरान असुरक्षित ढांचों को भी ध्वस्त किया गया।
कूटनीतिक सूत्रों के अनुसार, नई दिल्ली में की गई यह कार्रवाई एक सोची-समझी और संतुलित जवाबी कार्रवाई है। इसके जरिए भारत ने संकेत दिया है कि पाकिस्तान की ओर से किसी भी उकसावे का जवाब दिया जाएगा।
अमेरिकी राजदूत के बयान से पाकिस्तान में हलचल
दूसरी ओर, जम्मू-कश्मीर के दौरे पर आए भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर के बयान से भी पाकिस्तान में नाराजगी बढ़ गई है।
सर्जियो गोर ने जम्मू-कश्मीर को भारत का अभिन्न और महत्वपूर्ण हिस्सा बताया था। उनके इस बयान पर पाकिस्तान ने इस्लामाबाद में अमेरिकी कार्यवाहक राजदूत को तलब कर विरोध दर्ज कराया।
भारत और पाकिस्तान की ओर से हाल में उठाए गए इन कदमों के बीच दोनों देशों के बीच कूटनीतिक तनाव और बढ़ने की चर्चा है।



