
Apple Layoffs 2026: टेक दिग्गज Apple ने अपने कर्मचारियों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। कंपनी ने हार्डवेयर से अपना फोकस कम करके आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर बढ़ाने की रणनीति के तहत 200 से ज्यादा कर्मचारियों को नौकरी से हटा दिया है। इस छंटनी का सबसे ज्यादा असर Siri डिजिटल असिस्टेंट, Vision Pro और अन्य सॉफ्टवेयर टीमों पर पड़ा है।
Vision Pro और Siri टीम पर सबसे ज्यादा असर
रिपोर्ट के मुताबिक, Apple अपनी Intelligent Systems Experience टीम में भी कर्मचारियों की संख्या घटा रही है। यह टीम कंपनी के सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग डिविजन का महत्वपूर्ण हिस्सा है और डिवाइस में इस्तेमाल होने वाले कई AI फीचर्स पर काम करती है।
कंपनी ने गेमिंग पर केंद्रित Vision Pro टीम को भी काफी हद तक छोटा कर दिया है। कुल मिलाकर करीब 200 कर्मचारियों की छंटनी की गई है, जिसमें लगभग 100 कर्मचारी Vision Pro संगठन से और करीब 100 कर्मचारी Siri तथा अन्य सॉफ्टवेयर टीमों से जुड़े हैं।
AI पर Apple का बढ़ता फोकस
Apple अपने वॉयस असिस्टेंट Siri को नए AI सिस्टम के साथ पूरी तरह बदलने की तैयारी कर रहा है। कंपनी के सामने चुनौती यह है कि पुराना Siri आर्किटेक्चर नई जनरेटिव AI तकनीक की जरूरतों के मुताबिक पर्याप्त नहीं है।
इसी वजह से कंपनी पुराने पदों में कटौती कर नई AI-केंद्रित भूमिकाएं तैयार कर रही है। Apple का कहना है कि यह बदलाव यूजर्स को बेहतर अनुभव देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। कंपनी ने प्रभावित कर्मचारियों को Apple के भीतर दूसरी नौकरियों के लिए आवेदन करने का अवसर देने की बात भी कही है।
Vision Pro को क्यों नहीं मिली अपेक्षित सफलता?
रिपोर्ट के अनुसार, Vision Pro की ऊंची कीमत और भारी वजन इसकी बिक्री में बड़ी बाधा बने। इसकी कीमत 3 लाख रुपये से अधिक होने के कारण यह आम उपभोक्ताओं के लिए महंगा उत्पाद साबित हुआ।
इसके अलावा, Vision Pro के लिए 3D इमर्सिव कंटेंट तैयार करने में भी काफी खर्च आता था। सीमित यूजर बेस के कारण कंपनी के लिए यह प्रोजेक्ट अपेक्षित व्यावसायिक सफलता हासिल नहीं कर सका।
नुकसान कम करने के लिए Apple ने अपनी इन-हाउस गेमिंग और वीडियो प्रोडक्शन टीमों का आकार भी काफी छोटा कर दिया है। यह कदम संकेत देता है कि कंपनी अब हार्डवेयर और कंटेंट की बजाय AI को अपनी रणनीति के केंद्र में रखने पर ज्यादा जोर दे रही है।



