
Patna Student Protest: बिहार की राजधानी पटना में विभिन्न मांगों को लेकर छात्रों का आंदोलन मंगलवार को और उग्र हो गया। बड़ी संख्या में छात्र गांधी मैदान से मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करते हुए जेपी गोलंबर पहुंचे। यहां पहले से तैनात पुलिस बल ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की।
प्रदर्शनकारी छात्र बैरिकेडिंग पर चढ़कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे और डाक बंगला चौक की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मुख्यमंत्री आवास की ओर आगे बढ़ रहे छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।
70वीं BPSC परीक्षा समेत इन मांगों को लेकर आंदोलन
छात्र 70वीं BPSC परीक्षा रद्द करने, नेगेटिव मार्किंग खत्म करने और सिंगल परीक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि सरकार के साथ कुछ मुद्दों पर बातचीत हुई है, लेकिन उनकी प्रमुख मांगों का अभी तक ठोस समाधान नहीं हुआ है।
शिक्षा विभाग के साथ बैठक के बाद भी नहीं बनी बात
सोमवार को छात्र नेताओं और शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच करीब दो घंटे तक बैठक हुई थी। बैठक के बाद छात्र नेता सौरभ सिंह ने बताया था कि विभाग ने कुछ मांगों पर आश्वासन दिया है, लेकिन मुख्य मांगें अब भी लंबित हैं।
इसी वजह से छात्र नेताओं ने मुख्यमंत्री आवास के घेराव का कार्यक्रम वापस लेने से इनकार कर दिया और मंगलवार को विरोध मार्च का ऐलान किया।
गांधी मैदान से निकला मार्च, जेपी गोलंबर पर पुलिस की बैरिकेडिंग
छात्र नेता सौरभ सिंह ने अभ्यर्थियों से सुबह 11 बजे तक गांधी मैदान के गेट नंबर 10 पर पहुंचने की अपील की थी। इसके बाद छात्रों ने मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च शुरू किया।
पुलिस ने जेपी गोलंबर पर भारी बैरिकेडिंग कर छात्रों को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की। प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और उनका कहना है कि जब तक सरकार सभी प्रमुख मांगों को स्वीकार नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।



