
US Pauses Visa Appointments Worldwide: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में सख्त इमिग्रेशन नीतियों के बीच वीजा आवेदकों के लिए एक और बड़ा बदलाव सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी सरकार ने दुनियाभर में वीजा इंटरव्यू अपॉइंटमेंट की प्रक्रिया में अस्थायी बदलाव किया है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के अनुसार, सभी अमेरिकी दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में एक ग्लोबल ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू किया गया है, जिसके चलते वीजा अपॉइंटमेंट के शेड्यूल में बदलाव किया जा रहा है।
अवैध इमिग्रेशन पर ट्रंप प्रशासन का सख्त रुख
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई और इमिग्रेशन नियमों को सख्त करने को अपनी सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में रखा है। इसी अभियान के तहत कई मामलों में वीजा और ग्रीन कार्ड रद्द किए जाने तथा इमिग्रेशन आवेदनों पर कड़ी जांच की जा रही है।
कुछ मामलों में आवेदकों की व्यक्तिगत गतिविधियों और राजनीतिक गतिविधियों को भी जांच के दायरे में लाए जाने की रिपोर्ट सामने आई है। वहीं, ट्रंप प्रशासन की कई इमिग्रेशन नीतियों को अदालतों में चुनौती भी दी गई है।
अधिकारियों को दी जा रही विशेष ट्रेनिंग
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने इस ट्रेनिंग की कोई निश्चित समयसीमा सार्वजनिक नहीं की है। रिपोर्टों के मुताबिक, प्रशिक्षण का उद्देश्य दूतावास अधिकारियों को वीजा आवेदकों की अधिक सख्ती से जांच करने के लिए तैयार करना है।
अधिकारियों को खास तौर पर ऐसे आवेदकों की पहचान करने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है, जिनके भविष्य में अमेरिकी सरकारी सहायता या सार्वजनिक संसाधनों पर निर्भर होने की संभावना मानी जा सकती है। इसके साथ ही दुनियाभर के अमेरिकी मिशनों में वीजा आवेदनों की जांच प्रक्रिया को अधिक एकरूप और सख्त बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
जिनकी अपॉइंटमेंट पहले से बुक थी, उनका क्या होगा?
रिपोर्ट्स के अनुसार, जिन आवेदकों ने अमेरिकी दूतावास या कॉन्सुलेट में वीजा इंटरव्यू की तारीख पहले से बुक कर रखी थी, उनमें से कुछ को अपॉइंटमेंट बदलने संबंधी ईमेल मिलना शुरू हो गया है।
उन्हें बताया जा रहा है कि उनकी मौजूदा इंटरव्यू तारीख में बदलाव किया गया है और नई तारीख के बारे में बाद में जानकारी दी जाएगी। इसलिए जिन लोगों का इंटरव्यू पहले से निर्धारित है, उन्हें अपने ईमेल और संबंधित अमेरिकी दूतावास की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखनी चाहिए।



