गे-डेटिंग ऐप पर दोस्ती से पहले रहें सावधान! सूरत में मिलने बुलाकर चाकू की नोक पर लूट, 3 आरोपी गिरफ्तार

Surat Crime News: सूरत के नाना वराछा इलाके में गे-डेटिंग ऐप के जरिए एक युवक को मिलने बुलाकर लूटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन युवकों ने 43 वर्षीय साइट सुपरवाइजर को सुनसान जगह पर बुलाया और चाकू दिखाकर मारपीट करने के बाद उसका मोबाइल फोन और नकदी लूट ली। वराछा पुलिस ने मामले की जांच करते हुए कुछ ही घंटों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

डेटिंग ऐप पर संपर्क, फिर सुनसान जगह बुलाया

पुलिस के अनुसार, भावनगर के रहने वाले और एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करने वाले 43 वर्षीय व्यक्ति की चार दिन पहले एक गे-डेटिंग ऐप के जरिए आरोपी राज उर्फ कालीयो से पहचान हुई थी। बातचीत के बाद उसे नाना वराछा स्थित घनश्यामनगर सोसायटी की भगवती रसवाली गली में मिलने के लिए बुलाया गया।

पीड़ित के वहां पहुंचने के बाद उसे एक मकान की चौथी मंजिल पर ले जाया गया, जहां पहले से तीन युवक मौजूद थे। आरोप है कि तीनों ने चाकू दिखाकर उसके साथ मारपीट की और उसका करीब 7 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन तथा 5 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

पुलिस ने कुछ ही घंटों में तीनों को दबोचा

शिकायत मिलने के बाद वराछा पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। तकनीकी जानकारी और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने 21 वर्षीय अर्चित उर्फ लैंबो नाजाभाई सांखट, 23 वर्षीय जयेश उर्फ मामू दहुभाई गोहिल और 20 वर्षीय राज उर्फ कालीयो पदमसिंह कुशवाहा को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मोबाइल फोन और 5,500 रुपये नकद बरामद किए हैं।

ऐप के जरिए लोगों को बुलाता था आरोपी

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों में से राज उर्फ कालीयो कथित तौर पर डेटिंग ऐप के जरिए लोगों से संपर्क करता था और उन्हें मिलने के बहाने सुनसान जगह पर बुलाता था। इसके बाद तीनों मिलकर कथित तौर पर लूट की वारदात को अंजाम देते थे।

दो आरोपियों का पहले भी रहा है आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में अर्चित उर्फ लैंबो के खिलाफ पहले भी वराछा में लूट के साथ हत्या और गोडादरा में चोरी का मामला दर्ज है। वहीं राज उर्फ कालीयो के खिलाफ पहले शराबबंदी कानून के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उन्होंने इससे पहले भी डेटिंग ऐप के जरिए इसी तरह की कोई वारदात की थी या नहीं।