AMC के 63 सिविक सेंटरों में अब लागू होगी टोकन सिस्टम, जानिए नागरिकों को क्या होगा फायदा

AMC Civic Center: अहमदाबाद नगर निगम (AMC) ने संपत्ति में तत्काल नाम ट्रांसफर कराने वाले नागरिकों के लिए नई सुविधा का विस्तार करने का फैसला किया है। अब तक यह टोकन व्यवस्था केवल 7 जोनल कार्यालयों में उपलब्ध थी, लेकिन अब इसे शहर के सभी 63 सिविक सेंटरों में लागू किया जाएगा। इसका उद्देश्य नागरिकों को घंटों लाइन में खड़े रहने की परेशानी से राहत देना है।

‘Smart Queue Management System’ से ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग

AMC ने सभी सात जोनल कार्यालयों में संपत्ति नाम ट्रांसफर के लिए ‘LogBook360’ स्मार्ट क्यू मैनेजमेंट सिस्टम शुरू किया है। इसके तहत नागरिकों को नाम ट्रांसफर कराने से पहले ऑनलाइन स्लॉट बुक करना होगा।

बुक किए गए दिन और निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचने के बाद संबंधित नागरिक का आवेदन प्राथमिकता के आधार पर लिया जाएगा। जोनल कार्यालयों में इस व्यवस्था के सफल प्रयोग के बाद अब इसे शहर के 63 सिविक सेंटरों तक विस्तारित किया जा रहा है।

आगे अन्य सेवाएं भी होंगी शामिल

फिलहाल यह सुविधा संपत्ति के नाम ट्रांसफर के लिए शुरू की जा रही है। आने वाले समय में प्रॉपर्टी टैक्स से जुड़ी सेवाओं के साथ-साथ हेल्थ विभाग की कुछ सेवाओं को भी इस सिस्टम में शामिल किया जाएगा।

इनमें जन्म प्रमाणपत्र में संशोधन जैसी नागरिक सेवाएं भी शामिल किए जाने की योजना है।

बिना ऑनलाइन बुकिंग आए तो क्या होगा?

AMC के ई-गवर्नेंस विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर के अनुसार, जिन नागरिकों ने पहले से ऑनलाइन स्लॉट बुक नहीं किया है या टोकन नहीं लिया है, उनका काम भी ऑफलाइन तरीके से किया जाएगा

हालांकि, ऑनलाइन स्लॉट बुक करके तय समय पर पहुंचने वाले आवेदकों को प्राथमिकता दी जाएगी। यानी बिना बुकिंग आने वाले नागरिकों के लिए सेवा बंद नहीं होगी, लेकिन ऑनलाइन बुकिंग वालों का काम पहले किया जाएगा।

5 महीने में नाम ट्रांसफर की 12,640 अर्जियां

AMC के आंकड़ों के मुताबिक, अहमदाबाद के सभी जोन में पिछले 5 महीनों में तत्काल संपत्ति नाम ट्रांसफर के लिए 12,640 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

इस हिसाब से शहर में हर महीने औसतन करीब 2,500 तत्काल नाम ट्रांसफर आवेदन आते हैं। स्मार्ट क्यू मैनेजमेंट सिस्टम हाल ही में लागू हुआ है, इसलिए इससे पहले ये सभी आवेदन मुख्य रूप से ऑफलाइन तरीके से स्वीकार किए जाते थे।

नागरिकों के लिए फायदा या नुकसान?

कुल मिलाकर नई व्यवस्था से समय की बचत और भीड़ कम होने की उम्मीद है। हालांकि, जिन नागरिकों को ऑनलाइन स्लॉट बुक करने की जानकारी नहीं है या जिन्हें डिजिटल प्रक्रिया में परेशानी होती है, उनके लिए ऑफलाइन विकल्प और उसकी प्रतीक्षा अवधि महत्वपूर्ण रहेगी।