
Tragedy in Bhagalpur: बिहार के भागलपुर जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां गंगा नदी में डूबने से 6 बच्चों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सभी बच्चे करमा-धरमा पूजा के लिए स्नान करने नारायणपुर दियारा गए थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
घटना तरैटा नारायणपुर बहियार इलाके की बताई जा रही है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
सभी बच्चे करीब 12 साल के थे
जानकारी के मुताबिक, सभी बच्चे करीब 12 वर्ष की उम्र के थे। करमा-धरमा पूजा के अवसर पर वे बाढ़ के पानी में स्नान करने गए थे। इसी दौरान कुछ बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बच्चों की तलाश शुरू की और काफी मशक्कत के बाद सभी को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
छह बच्चों की मौत से परिवारों में मचा कोहराम
मृत बच्चों की पहचान पूजा, ज्योति, मिंकी, राहुल, आयुष और विकास के रूप में बताई गई है। सभी सुल्तानगंज नगर परिषद के वार्ड नंबर 27 स्थित विष्णु टोला के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
हादसे की खबर मिलते ही मृत बच्चों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई। एक साथ छह बच्चों की मौत से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में पहले से ही बाढ़ का पानी जमा है। ऐसे में बच्चे स्नान के लिए पानी में उतरे और गहराई में चले जाने के कारण यह हादसा हुआ।
बाढ़ के पानी में बच्चों के जाने को लेकर चिंता
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। लोगों ने प्रशासन से ऐसे स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और बाढ़ के पानी से बच्चों को दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाढ़ के दौरान जलभराव वाले स्थानों पर विशेष निगरानी जरूरी है, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। प्रशासन की ओर से घटना से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।



