अहमदाबाद में खाद्य तेल के नाम पर बड़ा खेल! पुराने डिब्बों में भरकर बेचा जा रहा था तेल, 175 टिन जब्त

Ahmedabad Food Department Raid: अहमदाबाद में खाद्य तेल में मिलावट और अनियमितताओं के खिलाफ महानगरपालिका के खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। लांभा इलाके में एक इकाई पर छापेमारी के दौरान नामी कंपनियों के पुराने और इस्तेमाल किए गए डिब्बों में खाद्य तेल भरकर बेचने का मामला सामने आया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में भरे हुए और खाली डिब्बे मिलने के बाद विभाग ने इकाई को तत्काल सील कर दिया।

छत्राल से टैंकर में मंगाया जाता था तेल

खाद्य विभाग ने लांभा के पीपलज रोड स्थित आदर्श एस्टेट में संचालित ‘ममता एग्रो प्रोटीन’ नामक इकाई की जांच की।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यहां सोयाबीन, कपासिया और पाम तेल छत्राल से टैंकर के जरिए मंगाया जाता था। इसके बाद तेल को अलग-अलग ब्रांड के नाम से पुराने डिब्बों में भरकर बाजार में बेचने की तैयारी की जाती थी।

छापेमारी के दौरान करीब 3.75 लाख रुपये कीमत के 175 भरे हुए टिन बरामद किए गए। इसके अलावा लगभग 300 खाली और इस्तेमाल किए हुए डिब्बे भी मौके से मिले।

बिना पंजीकृत ब्रांड के बिक्री का आरोप

महानगरपालिका के खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. तेजस शाह के अनुसार, जांच के दौरान ‘राजहंस’ और ‘कपास’ नाम के ब्रांड के लेबल मिले। विभाग के मुताबिक, इन लेबल पर संबंधित ट्रेडमार्क पंजीकरण नहीं पाया गया।

इसके अलावा खाद्य तेल को किन-किन स्थानों पर और किसे बेचा जा रहा था, इसका भी कोई आधिकारिक रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं मिला। पैकेजिंग में कई गंभीर खामियां और अनियमितताएं पाए जाने के बाद भरे हुए टिन की बिक्री तत्काल रुकवा दी गई।

इकाई सील, FSSAI लाइसेंस रद्द करने की तैयारी

खाद्य विभाग ने नियमों के कथित उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए इकाई को सील कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार, FSSAI लाइसेंस रद्द करने के लिए भी आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

कार्रवाई के बाद खाद्य तेल के कारोबार से जुड़े अन्य व्यापारियों में भी हड़कंप मच गया है। विभाग की ओर से मामले की आगे जांच की जा रही है कि तैयार किया गया तेल कहां-कहां पहुंचाया जाता था और इसकी बिक्री का पूरा नेटवर्क कितना बड़ा था।