अहमदाबाद के इस्कॉन ब्रिज पर देर रात हादसा, तेज रफ्तार कार डिवाइडर के लोहे के पटरों से टकराई

Ahmedabad Iskcon Bridge Accident: अहमदाबाद के एस.जी. हाईवे स्थित इस्कॉन ब्रिज पर 15 सितंबर की तड़के करीब 3:30 बजे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डायवर्जन के लिए लगाए गए लोहे के पटरों से जा टकराई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि चालक समेत किसी को चोट नहीं आई।

गांधीनगर से घर लौट रहा था युवक

पुलिस के अनुसार, हादसे के समय 20 वर्षीय हेत परिख गांधीनगर से अहमदाबाद स्थित अपने घर लौट रहा था। वाइड एंगल के सामने इस्कॉन ब्रिज पर तेज गति से कार चलाते समय उसका वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया और डायवर्जन के लोहे के पटरों से टकरा गया।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां क्षतिग्रस्त कार के साथ चालक भी मौजूद मिला। पूछताछ में चालक ने पुलिस को हादसे की जानकारी दी।

कार के अगले और पिछले हिस्से में भारी नुकसान

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के अगले बंपर, बोनट, पीछे की डिक्की और दोनों तरफ की बॉडी को काफी नुकसान पहुंचा। हालांकि हादसे में चालक या किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।

पुलिस ने सार्वजनिक सड़क पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना करने के मामले में चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज की है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

ब्रिज पर चल रहा है निर्माण कार्य

इस्कॉन ब्रिज से कर्णावती क्लब की ओर जाने वाले मार्ग को दूसरे ब्रिज से जोड़ने का काम फिलहाल जारी है। इसी निर्माण कार्य के चलते वाइड एंगल के सामने इस्कॉन ब्रिज का रैंप करीब दो दिन पहले वाहनों के लिए खोला गया था और यहां यातायात को डायवर्जन दिया गया है।