
Ambaji Bhadarvi Poonam Mela 2026: गुजरात के प्रसिद्ध शक्तिपीठ अंबाजी में सात दिवसीय भादरवी पूनम महामेला-2026 का आज, 26 सितंबर को भादरवी पूनम के पावन अवसर पर भव्य समापन हो रहा है। मेले के अंतिम दिन अंबाजी धाम में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
पूरे अंबाजी धाम में ‘जय अंबे’ के जयघोष गूंजते रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालु सिर पर गरबा लेकर मां अंबा के दर्शन के लिए पहुंचे और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
प्रशासन और पुलिस विभाग ने किया ध्वजारोहण
भादरवी पूनम के अवसर पर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से पारंपरिक ध्वजा लाकर मां अंबा के मंदिर शिखर पर ध्वजारोहण किया गया।
मेले के दौरान लगातार सेवा में जुटे विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से भी मंदिर में ध्वजाएं अर्पित की गईं। पूजा-अर्चना और ध्वजारोहण के साथ भादरवी महामेला-2026 की आधिकारिक पूर्णाहुति की जा रही है।
6 दिनों में 38.23 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
Ambaji Bhadarvi Poonam Mela 2026 के छठे दिन कुल 3,72,126 श्रद्धालुओं ने मां अंबा के दर्शन किए। इसके साथ ही मेले के पहले छह दिनों में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 38,23,469 हो गई।
मंदिर ट्रस्ट की ओर से मेले के दौरान 40 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान लगाया गया था। अंतिम दिन उमड़ी भीड़ को देखते हुए यह संख्या बढ़कर करीब 42 से 45 लाख तक पहुंचने का अनुमान जताया जा रहा है।
28.90 लाख से ज्यादा मोहनथाल प्रसाद का वितरण
मेले के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की भी व्यापक व्यवस्था की गई। छठे दिन 2,63,657 पैकेट मोहनथाल प्रसाद वितरित किया गया।
वहीं, मेले के पहले छह दिनों में कुल 28.90 लाख से अधिक मोहनथाल प्रसाद के पैकेट श्रद्धालुओं को वितरित किए जा चुके हैं।
3,927 श्रद्धालुओं और संघों ने चढ़ाई ध्वजा
भादरवी महामेला के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और विभिन्न संघों ने मां अंबा के मंदिर शिखर पर ध्वजा चढ़ाई। अब तक करीब 3,927 श्रद्धालुओं और संघों की ओर से मंदिर शिखर पर श्रद्धापूर्वक ध्वजारोहण किया गया है।
अंबाजी में मेले के अंतिम दिन भी श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना हुआ है। लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच भादरवी पूनम महामेला-2026 का समापन धार्मिक उत्साह के साथ किया जा रहा है।



