
Indian Athletes Shine At Asian Games: एशियन गेम्स 2026 के दूसरे दिन भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन जारी रखा। भारतीय महिला हॉकी टीम ने अपने अभियान को आगे बढ़ाते हुए इंडोनेशिया के खिलाफ 17-1 से बड़ी जीत दर्ज की। इससे पहले टीम ने उज्बेकिस्तान को 19-0 से हराया था।
इंडोनेशिया के खिलाफ मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और विपक्षी टीम को लगातार पीछे धकेला।
भारत के खाते में कुल 6 पदक, शूटिंग में 5 पदक
भारत ने पदक तालिका में अब तक कुल 6 पदक अपने नाम किए हैं। इनमें शूटिंग में 5 पदक और एमएमए में 1 कांस्य पदक शामिल है।
शूटिंग में भारतीय निशानेबाजों ने चार रजत और एक कांस्य पदक जीता है। पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में हिमांशु ढिल्लों, पार्थ माने और रुद्राक्ष पाटिल की टीम ने भारत के लिए रजत पदक जीता।
इसी स्पर्धा के व्यक्तिगत वर्ग में भी हिमांशु ढिल्लों ने रजत और रुद्राक्ष पाटिल ने कांस्य पदक हासिल किया।
कबड्डी और बैडमिंटन में भी भारत का दबदबा
पुरुष कबड्डी में भारतीय टीम ने मेजबान जापान को 49-24 के बड़े अंतर से हराया। जापान के खिलाफ एशियन गेम्स में भारतीय टीम का अजेय रिकॉर्ड इस मुकाबले के बाद भी कायम रहा।
वहीं, बैडमिंटन में भारतीय पुरुष टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ शानदार शुरुआत की। स्टार शटलर लक्ष्य सेन ने आयमान जमान को 21-4, 21-12 से सीधे गेमों में हराकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई।
टेबल टेनिस में पाकिस्तान के खिलाफ 3-0 की जीत
महिला टेबल टेनिस टीम स्पर्धा में भारत ने पाकिस्तान को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।
भारतीय खिलाड़ियों सुतीर्था मुखर्जी, सिंधुराजा दास और श्रीजा अकुला ने अपने मुकाबले सीधे गेमों में जीतकर टीम को शानदार जीत दिलाई।
बॉक्सिंग में सुमित ने प्री-क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह
पुरुषों के 70 किलोग्राम वर्ग में भारतीय मुक्केबाज सुमित ने थाईलैंड के मुक्केबाज सिनसिरी को 5-0 से हराया। इस जीत के साथ सुमित ने प्री-क्वार्टर फाइनल यानी राउंड ऑफ 16 में जगह बना ली।
वहीं, तैराकी में श्रीहरि नटराज ने पुरुषों की 50 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा के फाइनल के लिए क्वालीफाई कर भारतीय उम्मीदों को कायम रखा है।



