
Ahmedabad Land Dispute: अहमदाबाद के बहेरामपुरा इलाके में जमीन के पुराने विवाद को लेकर एक ही समुदाय के दो गुट आमने-सामने आ गए। सोमवार देर रात बहेरामपुरा पुलिस चौकी के पीछे ही दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इसके बाद दोनों तरफ से एक-दूसरे पर पथराव शुरू हो गया।
पुलिस चौकी के पीछे ही मचा हंगामा
जानकारी के मुताबिक, संपत्ति के मालिकाना हक को लेकर दोनों गुटों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी पुराने विवाद को लेकर देर रात दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में आमने-सामने आ गए।
कहासुनी बढ़ने के बाद अचानक पथराव शुरू हो गया। इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास रहने वाले लोगों में भी डर का माहौल बन गया।
पुलिस ने संभाली स्थिति, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस का काफिला मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराकर इलाके में तनावपूर्ण स्थिति को काबू में लिया।
मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर पथराव में शामिल लोगों की पहचान शुरू कर दी है। घटनाक्रम को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है।



