बरमूडा ट्रायंगल में फिर रहस्य! विमान लापता होने के बाद दादा-दादी और 2 पोते-पोतियों की मौत

Bermuda Triangle Mystery: बरमूडा ट्रायंगल क्षेत्र में एक छोटे विमान के लापता होने के बाद उसमें सवार चारों लोगों के शव एंड्रोस द्वीप के पास से बरामद किए गए हैं। हादसे के बाद एक बार फिर बरमूडा ट्रायंगल का नाम चर्चा में आ गया है।

बहामास से मियामी लौट रहा था विमान

पांच सीटों वाले पाइपर पीटी-34 विमान में फ्लोरिडा का एक दंपती और उनके दो पोते-पोतियां सवार थे। परिवार बहामास के ग्रेट हार्बर के से सोमवार सुबह करीब 11:15 बजे मियामी एग्जीक्यूटिव एयरपोर्ट के लिए रवाना हुआ था।

मियामी लौटते समय विमान का हवाई यातायात नियंत्रण से संपर्क टूट गया। इसके बाद विमान की तलाश शुरू की गई।

अनुभवी पायलट समेत चार लोगों की मौत

रॉयल बहामास पुलिस बल के अनुसार, विमान 80 वर्षीय मालियो लामार चला रहे थे। उनके पास करीब 40 वर्षों का उड़ान अनुभव था। विमान में उनकी 79 वर्षीय पत्नी लिली लामार तथा उनके पोते-पोतियां सोफी सोसा (28) और क्रिश्चियन सोसा (22) भी सवार थे।

परिवार बहामास में लेबर डे सप्ताहांत बिताने के बाद फ्लोरिडा लौट रहा था।

एंड्रोस द्वीप के पास मिला विमान दुर्घटना का सुराग

विमान से संपर्क टूटने के बाद परिवार ने अधिकारियों को इसकी सूचना दी थी। मंगलवार को बहामास के सबसे बड़े द्वीप एंड्रोस के पास विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी सामने आई।

परिजनों ने दुख जताते हुए चारों लोगों के शव मिलने की पुष्टि की। बताया गया कि परिवार के कुछ सदस्यों ने अपनी नौकाओं की मदद से शवों को बाहर निकाला।

बरमूडा ट्रायंगल फिर चर्चा में

बरमूडा ट्रायंगल अटलांटिक महासागर का वह क्षेत्र है, जिसे लेकर दशकों से रहस्यमय तरीके से जहाजों और विमानों के गायब होने की कई कहानियां प्रचलित रही हैं।

हालांकि, किसी विमान दुर्घटना को केवल “बरमूडा ट्रायंगल के रहस्य” से जोड़ना वैज्ञानिक रूप से उचित नहीं है। इस हादसे के वास्तविक कारणों का पता आधिकारिक जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।