इंग्लैंड क्रिकेट में फिर ‘नाइट क्लब कांड’: स्टार गेंदबाज पुलिस हिरासत में, पहले भी सट्टेबाजी के कारण हो चुके हैं निलंबित

England Cricket Controversy: पाकिस्तान के खिलाफ 27 अगस्त से लॉर्ड्स में शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट से पहले इंग्लैंड क्रिकेट टीम एक नए विवाद में घिर गई है। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ब्रायडन कार्से को शनिवार रात डर्बी के एक नाइट क्लब के बाहर पुलिस ने कुछ देर के लिए हिरासत में लिया और हथकड़ी लगाई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, कार्से को औपचारिक रूप से गिरफ्तार नहीं किया गया और बाद में उन्हें बिना किसी आरोप के छोड़ दिया गया।

आखिर क्या हुआ था?

रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रायडन कार्से डर्बीशायर के खिलाफ डरहम की काउंटी चैंपियनशिप जीत के बाद टीम के साथ जश्न मनाने के लिए बाहर गए थे। इसी दौरान डर्बी के एक नाइट क्लब के बाहर किसी व्यक्ति के साथ उनकी कहासुनी हो गई। हालांकि, विवाद की सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कार्से को कई पुलिस अधिकारियों के बीच हथकड़ी लगाए हुए देखा जा सकता है। उनके साथ डरहम के साथी खिलाड़ी मैथ्यू पॉट्स भी नजर आए, जबकि बेन स्टोक्स भी घटनास्थल के आसपास दिखाई दिए। रिपोर्टों के अनुसार, पुलिस ने कार्से को थोड़ी देर के लिए रोका था, लेकिन उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया और बाद में वह टीम होटल लौट गए।

ECB ने शुरू की जांच

इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि उसे डर्बी में हुई घटना की जानकारी है और मामले की जांच की जा रही है। ECB ने फिलहाल कार्से पर किसी कार्रवाई या आगामी टेस्ट से उनकी उपलब्धता को लेकर अंतिम फैसला नहीं बताया है।

कार्से पाकिस्तान के खिलाफ लॉर्ड्स में होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड की टीम में शामिल हैं। वह पहले टेस्ट में प्लेइंग XI का हिस्सा नहीं थे, जिसके बाद उन्हें काउंटी क्रिकेट खेलने के लिए डरहम के साथ भेजा गया था।

पहले भी विवादों में रह चुके हैं कार्से

ब्रायडन कार्से का यह पहला विवाद नहीं है। 2024 में क्रिकेट के सट्टेबाजी नियमों के ऐतिहासिक उल्लंघन के मामले में उन्हें तीन महीने के लिए निलंबित किया गया था। जांच में सामने आया था कि उन्होंने 2017 से 2019 के बीच क्रिकेट मैचों पर सट्टा लगाया था।

इंग्लैंड क्रिकेट में हाल के महीनों में खिलाड़ियों से जुड़े ऑफ-फील्ड विवादों के बाद कार्से की घटना ने एक बार फिर खिलाड़ियों के अनुशासन और टीम संस्कृति को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।