जैसे को तैसा…! ट्रंप को कनाडा का बड़ा झटका, 600 से ज्यादा अमेरिकी वस्तुओं पर 50% तक टैरिफ

US-Canada Trade War: अमेरिका और कनाडा के बीच चल रहा व्यापार विवाद अब और गहरा गया है। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय वार्ता विफल रहने के बाद कनाडा ने अमेरिका के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करते हुए 600 से अधिक अमेरिकी उत्पादों पर 15% से लेकर 50% तक का टैरिफ लागू कर दिया है। इस कदम से दोनों देशों के बीच व्यापारिक तनाव बढ़ने की आशंका है।

629 अमेरिकी उत्पादों पर लगा नया टैरिफ

कनाडा सरकार की ओर से लागू किए गए नए शुल्क 8 सितंबर की मध्यरात्रि 12:01 बजे से प्रभावी हो गए। इसके तहत करीब 629 अमेरिकी उत्पादों पर अलग-अलग दरों से आयात शुल्क लगाया गया है।

इन वस्तुओं का कुल वार्षिक आयात मूल्य करीब 27.6 अरब कनाडाई डॉलर, यानी लगभग 20 अरब अमेरिकी डॉलर बताया जा रहा है।

टैरिफ के दायरे में मुख्य रूप से स्टील, फर्नीचर, कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक सामान शामिल हैं। शुरुआत में 874 उत्पादों पर शुल्क लगाने का प्रस्ताव था, लेकिन बाद में कुछ समुद्री खाद्य उत्पादों की श्रेणियों को सूची से हटाकर अंतिम संख्या 629 कर दी गई।

कनाडा ने अमेरिका पर निर्भरता घटाने का दिया संदेश

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने देश के कारोबारियों और नागरिकों से अमेरिकी बाजार पर निर्भरता कम करने की अपील की है।

एक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि कनाडा के पास अपनी आर्थिक दिशा बदलने की पूरी क्षमता है। उनके अनुसार, इस बदलाव की कुछ कीमत चुकानी पड़ सकती है, लेकिन निष्क्रिय बैठे रहने के परिणाम इससे भी गंभीर हो सकते हैं।

कनाडा के इस कदम का एक उद्देश्य अमेरिकी राज्यों के उद्योगों पर आर्थिक और राजनीतिक दबाव बढ़ाना भी माना जा रहा है, खासकर मिशिगन और ओहायो जैसे औद्योगिक राज्यों में।

अमेरिका के पिछले टैरिफ का दिया जवाब

कनाडा की यह कार्रवाई अमेरिका के पिछले कदम का जवाब मानी जा रही है। इससे पहले अमेरिका ने कनाडा से आने वाली वाइन, फर्नीचर, डेयरी उत्पाद, सीमेंट और खेल सामग्री समेत करीब 20 अरब डॉलर के सामान पर अतिरिक्त शुल्क लगाया था।

इसके जवाब में कनाडा ने अमेरिकी वस्तुओं पर नया टैरिफ लागू किया है। इस तरह दोनों देशों के बीच व्यापारिक टकराव अब और बढ़ गया है।

USMCA समझौते के भविष्य पर भी सवाल

अमेरिका और कनाडा के बीच बढ़ता व्यापार विवाद USMCA व्यापार समझौते के लिए भी चुनौती बन सकता है। यह समझौता अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको के बीच व्यापार संबंधों की आधारशिला है।

कनाडा अपने कुल निर्यात का लगभग 68% हिस्सा अमेरिका को भेजता है, इसलिए अमेरिकी बाजार पर उसकी निर्भरता काफी अधिक है। दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा के बॉम्बार्डियर विमानों और वाहनों पर और अधिक टैरिफ लगाने की चेतावनी दी है।

यदि दोनों देश लगातार एक-दूसरे के उत्पादों पर शुल्क बढ़ाते हैं, तो इसका असर उपभोक्ताओं, कंपनियों, आपूर्ति श्रृंखला और उत्तर अमेरिकी व्यापार पर पड़ सकता है।

फिलहाल अमेरिका और कनाडा के बीच टैरिफ की यह लड़ाई केवल दो देशों के व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे पूरे उत्तर अमेरिकी व्यापार ढांचे और USMCA के भविष्य को लेकर भी अनिश्चितता बढ़ रही है।