पुराने गहने बेचकर नए खरीदने पर भी लग सकता है टैक्स! ऐसे बचा सकते हैं, जानिए नियम

Gold Jewellery Tax Rules: अगर आप घर में रखे पुराने सोने के गहने बेचकर नए गहने खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो आपको कैपिटल गेन्स टैक्स (Capital Gains Tax) देना पड़ सकता है। कई टैक्सपेयर्स मानते हैं कि पुराने सोने को बेचकर मिले पैसे से नया सोना खरीदने पर टैक्स से राहत मिल जाती है, लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है। आयकर कानून के तहत पुराने गहने बेचना और नए गहने खरीदना दो अलग-अलग लेनदेन माने जाते हैं।

सोने के गहनों पर क्यों लगता है कैपिटल गेन्स टैक्स?

आयकर अधिनियम की धारा 2(14) के तहत सोना, चांदी, प्लैटिनम या अन्य कीमती धातुओं से बने गहनों को कैपिटल एसेट (Capital Asset) माना जाता है। इन्हें कपड़े या फर्नीचर जैसी सामान्य व्यक्तिगत उपयोग की वस्तुओं की तरह टैक्स से छूट नहीं दी गई है।

हालांकि, टैक्स गहने की पूरी बिक्री कीमत पर नहीं, बल्कि उन्हें बेचने से हुए शुद्ध लाभ यानी कैपिटल गेन पर लगाया जाता है।

उदाहरण के लिए, अगर आपने ₹2 लाख में सोना खरीदा और बाद में उसे ₹4 लाख में बेचते या एक्सचेंज करते हैं, तो ₹2 लाख के लाभ पर कैपिटल गेन टैक्स लग सकता है।

24 महीने के नियम से तय होगा टैक्स

अगर सोने के गहने खरीदने के 24 महीने बाद बेचे जाते हैं, तो उनसे होने वाला लाभ लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन (LTCG) माना जाता है। मौजूदा नियमों के अनुसार LTCG पर 12.5% टैक्स लागू होता है और इंडेक्सेशन का लाभ उपलब्ध नहीं है।

वहीं, अगर गहने खरीदने के 24 महीने के भीतर बेच दिए जाते हैं, तो लाभ शॉर्ट टर्म कैपिटल गेन (STCG) माना जाएगा। इस स्थिति में लाभ आपकी लागू इनकम टैक्स स्लैब दर के अनुसार टैक्सेबल होगा।

Section 54F से ऐसे बच सकता है LTCG टैक्स

पुराने सोने को बेचने से हुए LTCG पर टैक्स बचाने के लिए आयकर अधिनियम की धारा 54F के तहत कुछ शर्तों के साथ छूट मिल सकती है।

यदि पात्र करदाता सोना बेचने से प्राप्त पूरी बिक्री राशि निर्धारित समयसीमा के भीतर नया आवासीय मकान खरीदने या उसके निर्माण में निवेश करता है, तो निर्धारित शर्तों के अनुसार LTCG पर टैक्स छूट मिल सकती है।

अगर पूरी राशि निवेश नहीं की जाती है, तो छूट भी उसी अनुपात में सीमित हो सकती है। इसके अलावा, धारा 54F की पात्रता के लिए अन्य शर्तें भी लागू होती हैं, जिसमें बिक्री के समय करदाता के पास एक से अधिक आवासीय मकान न होने की शर्त शामिल है।