
Gujarat Heavy Rainfall: गुजरात में एक बार फिर बारिश ने रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। खासतौर पर कच्छ जिले में आज, 15 सितंबर की सुबह से ही भारी बारिश का दौर जारी है। कच्छ के मांडवी तालुका में सुबह 8 बजे से 10 बजे के बीच महज दो घंटे में 5 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। तेज बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है।
कच्छ के अन्य तालुकाओं में भी जमकर बारिश
गांधीनगर स्थित स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (SEOC) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह 8 से 10 बजे के बीच गुजरात के 25 तालुकाओं में बारिश दर्ज की गई।
इस दौरान सबसे ज्यादा बारिश कच्छ के मांडवी में हुई। इसके अलावा:
- मुंद्रा: 0.79 इंच
- भुज: 0.59 इंच
- नखत्राणा: 0.39 इंच
- लखपत: 0.35 इंच
- गांधीधाम: 0.24 इंच
- अंजार: 0.20 इंच
इसके अलावा पोरबंदर, ओखामंडल, सूरत शहर, कोडिनार, जामनगर, राणावाव, जाफराबाद और गिर सोमनाथ के कुछ इलाकों में भी हल्की बारिश दर्ज की गई।
पिछले 24 घंटे में भी कच्छ में भारी बारिश
पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो कच्छ क्षेत्र में बारिश ने सबसे ज्यादा असर दिखाया है। अंजार में 7.24 इंच बारिश दर्ज की गई, जबकि गांधीधाम में 4.61 इंच और भचाऊ में 4.41 इंच बारिश हुई।
सौराष्ट्र में भी कई इलाकों में भारी बारिश हुई। भावनगर के वल्लभीपुर में 6.1 इंच, जामनगर शहर में 5.59 इंच और राजकोट के कोटड़ा सांगाणी में 5.2 इंच बारिश दर्ज की गई।
सौराष्ट्र-कच्छ में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 15 सितंबर को राजकोट, जामनगर, पोरबंदर, मोरबी, देवभूमि द्वारका और कच्छ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। हवाओं की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।
हालांकि, 16 से 18 सितंबर के दौरान राज्य में भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आने का अनुमान है।



