
Gujarat Tourism Projects: गुजरात सरकार ने राज्य में पर्यटन और धार्मिक स्थलों के विकास को लेकर बड़ा फैसला लिया है। राज्य के अलग-अलग पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों के कायाकल्प और सुविधाओं के विस्तार के लिए करीब ₹133 करोड़ की लागत वाले 10 प्रोजेक्ट्स को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई है। इन योजनाओं को शहरी विकास एवं शहरी गृह निर्माण विभाग की ओर से मंजूरी प्रदान की गई है।
गिर क्षेत्र के आइकोनिक विकास को प्राथमिकता
मंजूर किए गए प्रोजेक्ट्स में गिर क्षेत्र के आइकोनिक पर्यटन विकास को प्रमुखता दी गई है। इसके अलावा गांधीनगर के रूपाल स्थित प्रसिद्ध वरदायिनी माताजी मंदिर के सर्वांगीण विकास के लिए भी बड़ी राशि मंजूर की गई है।
सौराष्ट्र के गोंडल में ऐतिहासिक अनलगढ़ किले और महाकाली माताजी मंदिर के आसपास के क्षेत्र का भी विकास किया जाएगा।
वहीं, दक्षिण गुजरात के नवसारी जिले के वांसदा स्थित उनाई माताजी मंदिर परिसर में भव्य प्रवेश द्वार, प्रदक्षिणा पथ, सांस्कृतिक हॉल, भोजनालय और पुस्तकालय सहित कई सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
वडोदरा में महासागर नदी पर बनेगा आकर्षक घाट
वडोदरा जिले के सावली तालुका के भादरवा गांव में चेहर माताजी मंदिर के पास माहीसागर नदी पर घाट का निर्माण किया जाएगा।
श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए यहां वॉकवे, पेवर ब्लॉक, सुरक्षा रेलिंग और लैंडस्केपिंग सहित विभिन्न विकास कार्य किए जाएंगे।
किन परियोजनाओं के लिए कितनी राशि मंजूर?
| स्थान | विकास कार्य | मंजूर राशि |
|---|---|---|
| गिर क्षेत्र | पर्यटन के लिए आइकोनिक विकास | ₹43.91 करोड़ |
| रूपाल, गांधीनगर | वरदायिनी माताजी मंदिर का सर्वांगीण विकास | ₹35 करोड़ |
| केसरडी, अहमदाबाद | जोधलपीर मंदिर का नवनिर्माण | ₹21.75 करोड़ |
| अंजार | गोवर्धन पर्वत का विकास | ₹12.98 करोड़ |
| गोंडल | अनलगढ़ किला एवं महाकाली मंदिर विकास | ₹5.06 करोड़ |
| वांसदा, नवसारी | उनाई माताजी मंदिर परिसर का विकास | ₹5.03 करोड़ |
| भादरवा, सावली | माहीसागर नदी पर घाट निर्माण | ₹3.31 करोड़ |
| तरभ, मेहसाणा | वालीनाथ महादेव मंदिर में सोलर प्रोजेक्ट | ₹2.68 करोड़ |
| उमरेचा, मेहसाणा | महाकाली माताजी मंदिर के विकास कार्य | ₹50 लाख |
| धरमपुर, वलसाड | गोरा रामजी मंदिर का नवनिर्माण | ₹18.91 लाख |
इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बढ़ने के साथ-साथ स्थानीय पर्यटन और आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।



