
Himachal Pradesh Rain Updates: हिमाचल प्रदेश में इस मानसून सीजन में भारी बारिश, भूस्खलन और अन्य प्राकृतिक आपदाओं ने बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया है। 30 जून से 15 सितंबर के बीच राज्य में हुई तबाही से अब तक 3,212.21 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। इस दौरान कुल 296 लोगों की मौत हुई, जबकि 520 लोग घायल हुए हैं।
आपदा और सड़क हादसों में 296 लोगों की मौत
राज्य में 30 जून से 15 सितंबर के बीच हुई घटनाओं में 296 लोगों की जान गई। इनमें 119 मौतें सीधे प्राकृतिक आपदाओं और जलवायु संबंधी घटनाओं से हुईं, जबकि 177 लोगों की मौत सड़क हादसों में हुई।
इस अवधि में कुल 520 लोग घायल भी हुए हैं।
131 मकान पूरी तरह ध्वस्त
बारिश और भूस्खलन के कारण राज्य में संपत्ति को भी भारी नुकसान पहुंचा है। इस दौरान 131 मकान पूरी तरह ढह गए, जबकि 502 मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है।
सरकारी विभागों को हुए नुकसान में लोक निर्माण विभाग (PWD) को सबसे ज्यादा 2,744.67 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, जल शक्ति विभाग को 38.57 करोड़ रुपये की क्षति हुई है।
अभी भी 59 सड़कें बंद
आपदा के कई दिनों बाद भी हिमाचल प्रदेश में हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हुए हैं। फिलहाल राज्य में 59 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं।
इनमें सबसे ज्यादा सड़कें मंडी जिले में प्रभावित हैं, जहां 27 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा कुल्लू में 12 सड़कें अभी भी यातायात के लिए बाधित हैं।
सड़क संपर्क बहाल करने के लिए संबंधित विभागों की ओर से युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है।
11 पेयजल योजनाएं और 2 ट्रांसफॉर्मर भी प्रभावित
बारिश और भूस्खलन से पेयजल तथा बिजली आपूर्ति से जुड़ी सुविधाएं भी प्रभावित हुई हैं। राज्य में अभी 11 पेयजल योजनाएं बाधित हैं। इसके अलावा 2 बिजली ट्रांसफॉर्मर भी प्रभावित बताए गए हैं।
इन सभी व्यवस्थाओं को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए संबंधित विभाग काम कर रहे हैं।
अगले 7 दिन भारी बारिश से राहत
मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में अगले 7 दिनों तक भारी बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, 16 और 17 सितंबर को कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
वहीं, 18 से 21 सितंबर के बीच मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान केवल कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।



