
Independence Day 2026 Live: भारत आज अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र को संबोधित किया। इस वर्ष का समारोह राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विशेष रूप से आयोजित किया गया।
पेट्रोल-डीजल और खाद की कमी नहीं: PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि देश में पेट्रोल, डीजल और खाद की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को केवल डर फैलाने में मजा आता है, लेकिन पिछले 12 वर्षों में तैयार की गई व्यवस्थाओं के कारण भारत किसी भी संकट का सामना करने के लिए तैयार है।
PM मोदी ने कहा कि दुनिया में यूरिया की कीमत करीब ₹3,000 तक पहुंच गई है, लेकिन भारत में किसानों को यह लगभग ₹300 में उपलब्ध कराया जा रहा है।
एक साल में 1 करोड़ युवाओं को AI स्किल ट्रेनिंग
प्रधानमंत्री ने युवाओं के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अगले एक साल में 1 करोड़ से अधिक युवाओं को AI स्किल की ट्रेनिंग दी जाएगी।
इसके अलावा युवाओं के लिए फ्री ऑनलाइन कोचिंग की व्यवस्था करने की भी घोषणा की गई। सरकार का लक्ष्य युवाओं को नई तकनीक के लिए तैयार कर रोजगार और उद्यमिता के अवसरों से जोड़ना है।
इंटरनेट यूजर्स और डिजिटल ट्रांजैक्शन में बड़ी बढ़ोतरी
प्रधानमंत्री ने पिछले वर्षों में डिजिटल क्षेत्र में हुई प्रगति का जिक्र करते हुए कहा कि इंटरनेट यूजर्स की संख्या करीब 4 गुना और इंटरनेट कंजम्पशन करीब 50 गुना बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि पेटेंट ग्रांट करीब 4 गुना और डिजिटल ट्रांजैक्शन में करीब 100 गुना वृद्धि हुई है। इसके साथ ही सरकार ने पानी, गैस कनेक्शन, शौचालय और गरीबों के लिए घर उपलब्ध कराने की गति में भी तेजी लाई है।
12 साल में डिफेंस प्रोडक्शन करीब 4 गुना बढ़ा
लाल किले से अपने संबोधन में PM मोदी ने देश के मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की उपलब्धियां भी गिनाईं।
उनके मुताबिक पिछले 12 वर्षों में:
- डिफेंस प्रोडक्शन करीब 4 गुना
- खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादन करीब 5 गुना
- इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग करीब 7 गुना
- आधुनिक रेलवे कोच निर्माण करीब 21 गुना
- मोबाइल फोन उत्पादन करीब 33 गुना बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि भारत डिजिटल और इनोवेशन के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
2047 तक विकसित भारत का संकल्प
PM मोदी ने देशवासियों से बड़े सपने देखने और बड़े संकल्पों के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अब भारत छोटे लक्ष्यों से आगे नहीं बढ़ सकता।
प्रधानमंत्री ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प देश की क्षमता और उपलब्धियों के आधार पर पूरा किया जा सकता है।
परमाणु ऊर्जा में आत्मनिर्भरता की बड़ी घोषणा
प्रधानमंत्री ने भारत को परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी बड़ी घोषणा की। उन्होंने 5 नए परमाणु रिएक्टर बनाने का लक्ष्य बताया और कहा कि ऊर्जा सुरक्षा विकसित भारत के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार होगी।
‘दिमागी नक्सल’ पर PM मोदी का निशाना
स्वतंत्रता दिवस के संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिंसा और अराजकता फैलाने वाली मानसिकता पर भी निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि जंगलों में सशस्त्र नक्सलवाद और माओवादी हिंसा अब अंतिम चरण में है, लेकिन कुछ वैचारिक तत्व शहरों, शिक्षण संस्थानों और बौद्धिक मंचों के जरिए देश में असंतोष और अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
PM मोदी ने ऐसे तत्वों के लिए ‘दिमागी नक्सल’ शब्द का इस्तेमाल करते हुए देशवासियों से उन्हें पहचानने और ऐसी विचारधाराओं से सावधान रहने का आह्वान किया।
माओवादी विचारधारा पर भी हमला
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि माओवादी विचारधारा ने लंबे समय तक देश की युवा पीढ़ी के भविष्य को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि देश को जाति, भाषा और क्षेत्र के नाम पर बांटने वाली सोच से युवाओं को दूर रखना जरूरी है।
उन्होंने युवाओं से हिंसा और अराजकता से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जुड़ने का आह्वान किया।



