
IND vs SL Controversy: कोलंबो में भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के पहले दिन मैदान पर यशस्वी जायसवाल और श्रीलंकाई तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो के बीच हुई तीखी भिड़ंत पर ICC ने कार्रवाई की है। दोनों खिलाड़ियों पर 25 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगाया गया है और उनके रिकॉर्ड में एक-एक डिमेरिट प्वाइंट जोड़ा गया है।
17वें ओवर में दोनों खिलाड़ी आमने-सामने आए
घटना भारत की पारी के 17वें ओवर में हुई। असिथा फर्नांडो ने यशस्वी जायसवाल को आउट किया। इसके बाद पवेलियन लौट रहे जायसवाल और फर्नांडो के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
दोनों खिलाड़ी एक-दूसरे के काफी करीब आ गए और उनके सिर आपस में टकरा गए। इसके बाद श्रीलंका के कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया।
ICC ने Article 2.12 के तहत की कार्रवाई
ICC ने दोनों खिलाड़ियों को Level 1 Code of Conduct के उल्लंघन का दोषी पाया। मामला Article 2.12 से जुड़ा है, जो अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान किसी खिलाड़ी, सपोर्ट स्टाफ, अंपायर, मैच रेफरी या अन्य व्यक्ति के साथ अनुचित शारीरिक संपर्क से संबंधित है।
इसके तहत जायसवाल और फर्नांडो दोनों पर उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया और एक-एक डिमेरिट प्वाइंट दिया गया।
दोनों खिलाड़ियों ने स्वीकार की गलती
ICC के मुताबिक, पिछले 24 महीनों में दोनों खिलाड़ियों के खिलाफ कोई पिछला अपराध दर्ज नहीं था। दोनों ने अपनी गलती स्वीकार कर ICC द्वारा प्रस्तावित सजा को मान लिया। इसलिए मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। यह सजा Emirates ICC Elite Panel के मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट ने सुनाई।



